किसान आंदोलन : किसानों का आज रेल रोको आंदोलन, मुजफ्फनगर और गाजियाबाद में रोकी ट्रेनें

लखीमपुर हिंसा के मामले में संयुक्त किसान मोर्चा का आज (सुबह 10 से शाम 6 बजे तक) देश भर में रेल रोको आंदोलन चल रहा है। मोर्चे का कहना है कि लखीमपुर मामले की निष्पक्ष जांच तब तक नहीं हो सकती, जब तक केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र को बर्खास्त नहीं किया जाता।

संगठन के नेताओं की मांग है कि मिश्र को मंत्रिमंडल से हटाने के बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया जाए। मोर्चा ने लखीमपुर मामले को नरसंहार बताया है। अमृतसर में किसान रेलवे ट्रैक पर ही धरना दे रहे हैं।

किसानों के आंदोलन के चलते दिल्ली से रोहतक, पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल, बहादुरगढ़, अंबाला, जालंधर, लुधियाना, चंडीगढ़, अमृतसर, जम्मू, मेरठ, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, मुरादाबाद समेत कुछ नजदीकी सेक्शंस पर रेल ट्रैफिक पर ज्यादा असर पड़ा है। इन रूट्स पर इससे पहले भी कई बार अलग-अलग जगहों पर किसान रेलवे ट्रैक जाम कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें-केरल में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर, अब तक 27 लोगों की मौत, कई जगह भारी बारिश की संभावना