टोक्यो में चलती ट्रेन में यात्रियों पर चाकू से हमला, 10 घायल, एक गंभीर घायल

जापान की राजधानी टोक्यो में एक व्यक्ति ने चलती ट्रेन में यात्रियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 10 यात्री घायल हो गए। एक स्टूडेंट की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसकी पीठ और सीने पर चाकू से कई बार अटैक हुआ है। 9 लोगों को मामूली चोट आई है।

चाकूबाजी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी पहचान 36 साल के युसुके सुशिमा के तौर पर हुई है। वह मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि ट्रेन में सवार खुश महिलाओं को देखकर उसे गुस्सा आ गया। वो उन्हें जान से मारना चाहता था।

यह हमला सिजोगाकुएन स्टेशन के पास शुक्रवार को हुआ। हमला होते ही ट्रेन में सवार यात्री सहम गए। डिब्बे में लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगे। एक चश्मदीद ने बताया कि लोग डर के मारे एक डिब्बे से दूसरे डिब्बे में भाग रहे थे।

ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोकना पड़ा। क्रू ने यात्रियों को ट्रैक के रास्ते नजदीकी स्टेशन तक पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ट्रेन रुकने के बाद ट्रैक पर कूदकर भाग गया, लेकिन बाद में फायर डिपार्टमेंट और पुलिस ने मिलकर उसे गिरफ्तार कर लिया। 10 में से 9 घायलों को हॉस्पिटल ले जाया गया, जबकि 1 मौके से गायब हो गया।

यह भी पढ़ें-महामारी में शिक्षा पर पड़ा बड़ा असर, अमेरिका में गरीब छात्रों की फीस माफ कर रहे हैं कॉलेज