गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में हिंसा भड़काने का आरोपी लक्खा सिधाना दिल्ली लौटा, सोशल मीडिया पर किया लाइव

गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में हिंसा भड़काने का आरोपी लक्खा सिधाना किसानों के देशव्यापी चक्काजाम से पहले पंजाब से दिल्ली लौट आया। लक्खा ने शुक्रवार शाम सिंघु बॉर्डर से ही सोशल मीडिया पर लाइव किया।

उसने कहा कि पंजाब को ही इस किसान आंदोलन की अगुआई करनी चाहिए। उसने किसान नेताओं से भी अपील की है कि किसी को भी 32 जत्थेबंदियों की कमेटी से बाहर ना किया जाए। सिधाना पर ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले पर तिरंगे के अपमान का भी आरोप है। उस पर एक लाख रुपए का इनाम है।

लक्खा ने लाइव के दौरान कहा, पता चला है कि सुरजीत सिंह फूल और एक अन्य किसान नेता को कमेटी से बाहर कर दिया गया है, जो गलत है। सरकार से बातचीत होने पर सभी को एक साथ जाना है। कमेटी को छोटा नहीं करना है।

अभी एक रहने का समय है। एक साथ रहकर लडऩे की जरूरत है। आपसी गिले-शिकवे बाद में सुलझाते रहेंगे। अभी ऐसी कोई गलती नहीं करनी है जिससे आंदोलन टूट जाए। ये पंजाब के अस्तित्व और आने वाली नस्लों की लड़ाई है। अगर इस बार हार गए तो पंजाब सदियों पीछे चला जाएगा।

यह भी पढ़ें- हरसिमरत कौर ने कहा-यह केन्द्र सरकार की गलतफहमी है कि केवल पंजाब ही आंदोलन कर रहा है