समस्या नहीं, चुनौती समझकर आगे बढ़े
जयपुर में सिविल सेवा अभ्यर्थियों से संवाद के दौरान IAS नवीन जैन ने सफलता का मंत्र साझा किया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों को समस्या मानकर रुकने के बजाय लक्ष्य पर नजर रखते हुए लगातार आगे बढ़ना चाहिए। सही रणनीति, समय प्रबंधन, गहन अध्ययन और अनुशासन को उन्होंने परीक्षा की तैयारी का अहम आधार बताया और शॉर्टकट से बचने की सलाह दी।
- चुनौती: परिस्थितियों से घबराने के बजाय उन्हें संघर्ष का हिस्सा मानें।
- लक्ष्य: स्पष्ट फोकस के साथ रणनीति और समय प्रबंधन पर ध्यान दें।
- सिविल सेवा: गहन अध्ययन, अनुशासन और निरंतर प्रयास को तैयारी का आधार बनाएं।
IAS Jain’s Success Mantra : सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने लक्ष्य पर टिके रहने और परिस्थितियों से सीखते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया। शनिवार को श्री परशुराम ज्ञानपीठ में इस्पेक की ओर से आयोजित प्रेरक संवाद सत्र में उन्होंने अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी और सफलता की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
जैन ने कहा कि सफलता के रास्ते में आने वाली परिस्थितियों को बाधा समझने के बजाय चुनौती के रूप में लेना चाहिए। हिंदी माध्यम, सरकारी स्कूल या राज्य बोर्ड से पढ़ाई, विवाह और बच्चों जैसी व्यक्तिगत परिस्थितियां अपने आप में सफलता में रुकावट नहीं हैं। जरूरी यह है कि अभ्यर्थी अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहें और तैयारी के प्रति लगातार प्रतिबद्धता बनाए रखें।
रणनीति और समय प्रबंधन को बताया जरूरी
संवाद के दौरान नवीन जैन ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में रणनीति, समय प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन के महत्व को समझाया। स्मार्ट बोर्ड के जरिए उदाहरण देते हुए उन्होंने अभ्यर्थियों को पढ़ाई को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव दिए।
यह भी पढ़े : 21 प्रतिभाओं का सम्मान, पंडित सतीश उपाध्याय ने दिया सेवा का संदेश
उन्होंने कहा कि किसी सफल व्यक्ति से तुलना या ईर्ष्या करने के बजाय उसकी यात्रा और अनुभव से सीखने की कोशिश करनी चाहिए। सकारात्मक सोच, अनुशासन और लगातार प्रयास ऐसी आदतें हैं, जो लंबे समय तक तैयारी में मदद करती हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को शॉर्टकट के बजाय अपनी तैयारी की प्रक्रिया पर भरोसा रखने की सलाह दी।
नवीन जैन का किया अभिनंदन
कार्यक्रम में इस्पेक की चेयरपर्सन डॉ. हर्षा त्रिवेदी ने ट्री पॉट भेंट कर नवीन जैन का स्वागत किया। राष्ट्रीय प्रभारी प्यारे लाल शर्मा ने भगवान परशुराम की प्रतिमा और पुस्तक भेंट कर उनका अभिनंदन किया। विप्र फाउंडेशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों को नवीन जैन की प्रशासनिक यात्रा और उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़े : 21 प्रतिभाओं का सम्मान, पंडित सतीश उपाध्याय ने दिया सेवा का संदेश
कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विमलेश शर्मा, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र शर्मा, जयपुर जोन के संगठन महामंत्री धर्मेंद्र शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल पांडे, लखनऊ से राज्य कर्मचारी एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरि शरण मिश्रा सहित संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।



