निकाय चुनाव 2026: आज से नामांकन शुरू

जयपुर जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई है। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका सदस्य पदों के लिए 27, 29 और 31 अगस्त को नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। मतदान दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में कराई जाएगी।

  • नगरीय निकाय चुनाव 2026 के लिए आज से नामांकन शुरू।
  • नामांकन की अंतिम तारीख 31 अगस्त, सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक मौका।
  • मतदान 9 और 11 सितंबर को, 14 सितंबर को होगी मतगणना।

Jaipur Civic Elections 2026: Nominations Begin: जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जयपुर जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।

अभ्यर्थी 27, 29 और 31 अगस्त को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के सामने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त रखी गई है। इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी।

उम्मीदवारी वापस लेने के लिए 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक का समय दिया गया है। इसके बाद 4 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। चुनावी कार्यक्रम सामने आने के साथ ही राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

जयपुर जिले में मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में नगर परिषद और नगर पालिकाओं के सदस्य पदों के लिए 9 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 सितंबर को दूसरे चरण में नगर निगम के सदस्यों के लिए मतदान होगा। दोनों चरणों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।

मतगणना 14 सितंबर को भवानी निकेतन कॉलेज परिसर में होगी। जयपुर जिले के नगर निगम समेत कुल 19 नगरीय निकायों में 28 लाख 25 हजार 46 मतदाता मतदान कर सकेंगे। इनमें 14 लाख 63 हजार 1 पुरुष, 13 लाख 61 हजार 949 महिला और 96 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

जयपुर नगर निगम क्षेत्र में सबसे ज्यादा 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता हैं। इनमें 12 लाख 61 हजार 380 पुरुष, 11 लाख 71 हजार 649 महिला और 92 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। चौमूं नगर परिषद में 53,182 और शाहपुरा नगर परिषद में 64,106 मतदाता दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें:राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय, 12 जिलों में बारिश अलर्ट

नगरपालिकाओं की बात करें तो बगरू में 23,254, बस्सी में 20,785, चाकसू में 30,250 और दूदू में 15,316 मतदाता हैं। जमवारामगढ़ में 19,975, जोबनेर में 9,036, कालाडेरा में 10,674 और कानोता में 9,322 मतदाता हैं।

वहीं खेजरोली में 15,152, किशनगढ़ रेनवाल में 23,905, मनोहरपुर में 20,065, नारायणा में 13,142 और फागी में 11,757 मतदाता हैं। फुलेरा में 19,093, सांभर में 17,733 और वाटिका में 15,178 मतदाता मतदान में हिस्सा ले सकेंगे।

इन चुनावों में ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। वोट डालने के लिए मतदाता को अपना ईपीआईसी यानी मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिन लोगों के पास ईपीआईसी उपलब्ध नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक का मूल दस्तावेज दिखाकर मतदान कर सकेंगे।

नामांकन शुरू होने के साथ ही जयपुर में चुनावी सरगर्मी भी बढ़ गई है। संभावित प्रत्याशी टिकट और नामांकन की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की रणनीति बनाने में लगे हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि नामांकन की आखिरी तारीख तक कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरते हैं।

Related Articles

Back to top button