ठंड से ठिठूरा उत्तर भारत, दिल्ली में 22 साल में सबसे कम तापमान दर्ज

नई दिल्ली। देशभर में ठंड अपने चरम पर है। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिली और पारा नीचे गिरने से बुधवार को ठंड और बढ़ गई। राजधानी दिल्ली में 22 वर्षों में सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से आने वाली तेज और ठंडी हवाओं के साथ-साथ बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आयी है।

दिल्ली में बुधवार को कंपकंपी जारी रही क्योंकि मंगलवार को अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 10 डिग्री नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 1997 में, अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान 14 और नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में हालिया बर्फबारी के बाद रात के तापमान में गिरावट जारी रही। हिमपात के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को भूस्खलनों के चलते कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। वहीं मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान में शीत लहर तेज हो गई है, जबकि राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में सोमवार रात को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।