मलावी के उपराष्ट्रपति चिलिमा का प्लेन क्रैश में निधन

मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा
मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा

मलावी के उपराष्ट्रपति के विमान का मलबा मिला, सभी 9 सवार मारे गए

लिलोंग्वे। अफ्रीकी देश मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा की प्लेन क्रैश में मौत हो गई। मलावी के उपराष्ट्रपति का विमान सोमवार 10 जून की सुबह ही रडार से गायब हो गया था। एविएशन अथॉरिटी ने कई बार विमान से संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

मलावी के राष्ट्रपति लाजारस चकवेरा ने चिलिमा के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि 24 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद उपराष्ट्रपति के विमान का मलबा मिला है। एयरक्राफ्ट में 9 लोग सवार थे। इनमें से कोई जिंदा नहीं बचा।

चिलिमा के विमान का मलबा।
चिलिमा के विमान का मलबा।

तलाश के लिए अमेरिका, ब्रिटेन से मदद मांगी

चिलिमा का एयरक्राफ्ट भारतीय समय के मुताबिक सोमवार दोपहर 2.47 बजे मलावी की राजधानी लिलोंग्वे से रवाना हुआ था। यह करीब 45 मिनट बाद मजुजू शहर के एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। हालांकि, खराब मौसम की वजह यह लैंड नहीं हो पाया। इसके बाद विमान को वापस लिलोंग्वे ले जाने का आदेश दिया गया। इसके बाद यह विमान लापता हो गया था। विमान को ढूंढ़ने के लिए मलावी ने अमेरिका, ब्रिटेन, नॉर्वे और इजराइल की सरकार से भी मदद मांगी थी। विमान जिस रास्ते से गुजर रहा था, वहां 10 किलोमीटर के फॉरेस्ट रिजर्व में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हादसे को देखते हुए राष्ट्रपति ने बहामास के लिए अपनी यात्रा रद्द कर दी थी।

राष्ट्रपति पद के प्रबल दावेदार थे मलावी के उपराष्ट्रपति चिलिमा

चिलिमा पिछले 10 साल से मलावी के उपराष्ट्रपति पद पर थे। उन्हें अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए उम्मीदवार के तौर पर देखे जा रहा था। वे अगले वर्ष फरवरी में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के प्रबल दावेदार थे।। चिलिमा को 2022 में भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पिछले महीने पब्लिक प्रॉसिक्यूशन के डायरेक्टर की तरफ से मामले को बंद करने के लिए नोटिस दायर किया गया था। इसके बाद मलावी की एक अदालत ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हटा दिए। चिलिमा ने हमेशा आरोपों को बेबुनियाद बताया।

यह भी पढ़ें:अश्विनी वैष्णव ने संभाला रेल मंत्रालय का कार्यभार