मन की बात : पीएम मोदी-हमें वैक्सीन को लेकर भ्रम नहीं फैलने देना है, वैक्सीन लगवाइए और बाकियों को भी प्रेरित करिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो पर मन की बात प्रोग्राम के जरिए देश को संबोधित किया। यह कार्यक्रम मोदी सरकार 2.0 का 25वां और ओवरऑल 78वां एपिसोड था। पीएम ने मध्यप्रदेश के बैतूल के एक गांव के लोगों से बात की। लोगों ने उन्हें बताया कि हमारे यहां कोरोना वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इससे मौत हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा हमें भ्रम नहीं फैलने देना है। मैंने वैक्सीन के दोनों डोज लगवा लिए हैं। मेरी मां ने 100 साल की उम्र में वैक्सीन के दोनों डोज लगवाए हैं। हमारे देश के 20 करोड़ से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन ली है। ऐसा कुछ भी नहीं है। आप भी वैक्सीन लगवाइए और बाकियों को भी प्रेरित करिए।

बैतूल के गांव में रहने वाले किशोरी लाल से पीएम मोदी ने पूछा कि आपने भी वैक्सीन पर फैलाए जा रहे भ्रम के बारे में सुना है क्या? किशोरी लाल ने जवाब दिया कि रिश्तेदार बताते हैं कि कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद लोगों की मौत हो जाती है।

इस पर मोदी ने कहा कि इन अफवाहों पर ध्यान नहीं देना। हमें जिंदगी बचानी है, लोगों को बचाना है, देश को बचाना है। यह बीमारी बहरूपिए की तरह है। यह रंग रूप बदलकर हमला करती है। उन्होंने आगे कहा कि वैक्सीन हमारा हथियार है। हमारे वैज्ञानिकों ने बड़ी मेहनत करके वैक्सीन बनाई है। इस अभियान में माताओं-बहनों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में जोडऩा चहिए।

यह भी पढ़ें-रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिवसीय दौरे पर लद्दाख पहुंचे, सैन्य अभियानों की तैयारियों को लेंगे जायजा