मी टू मामला : प्रिया रमानी मानहानि केस में हुई बरी, एमजे अकबर ने किया था केस

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पत्रकार प्रिया रमानी को मानहानि के मामले में बरी कर दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने रमानी के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस किया था।

रमानी ने एमजे अकबर के खिलाफ 2018 में मी टू कैम्पेन के तहत यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया था, तब अकबर केंद्रीय मंत्री थे। अकबर ने रमानी के आरोपों को गलत बताते हुए उनके खिलाफ मानहानि का केस किया था।

अकबर कोर्ट में अपना केस साबित नहीं कर पाए और अदालत ने रमानी के पक्ष में फैसला देते हुए कहा कि एक महिला को यह अधिकार है कि वह किसी मामले में दशकों बाद भी किसी भी प्लेटफॉर्म पर शिकायत कर सकती है।

2017 में जर्नलिस्ट प्रिया रमानी ने वोग मैगजीन के लिए एक आर्टिकल लिखा था। इसमें उन्होंने करीब 20 साल पहले नौकरी के लिए इंटरव्यू के दौरान बॉस पर यौन उत्पीडऩ का आरोप लगाया।

2018 में जब देश में मी टू कैम्पेन शुरू हुआ, तब रमानी ने खुलासा किया कि उत्पीडऩ करने वाले व्यक्ति एमजे अकबर थे। जब रमानी ने यह खुलासा किया, तब अकबर मोदी सरकार में मंत्री थे। यौन उत्पीडऩ के आरोपों के चलते 17 अक्टूबर 2018 को अकबर को मंत्री पद छोडऩा पड़ा। अकबर ने इसके बाद रमानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया।

यह भी पढ़ें-कानपुर में 1 करोड़ 40 लाख रूपये से भरा बैग ट्रेन में मिली