हिंसा में 300 से अधिक पुलिस कर्मी घायल, टिकैत, मेधा पाटकर, योगेन्द्र यादव सहित 37 नेता नामजद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के संबंध में अभी तक 22 एआईआर दर्ज की गई हैं और इनमें 37 किसानों को नामजद किया गया है। इसमें मेधा पाटकर, योगेन्द्र यादव और बुटा सिंह का नाम भी शामिल है। एक रिपोर्ट के मुताबिक योगेंद्र यादव समेत अन्य नेताओं के नाम एफआईआर में हैं। दिल्ली पुलिस की एफआईआर में ट्रैक्टर रैली के संबंध में जारी एनओसी के उल्लंघन के लिए किसान नेता दर्शन पाल, राजिंदर सिंह, बलबीर सिंह राजेवाल, बूटा सिंह बुर्जगिल और जोगिंदर सिंह उग्राहां के नाम शामिल हैं। इसी बीच संबंधित संगठनों ने कहा कि केंद्र सरकार किसान आंदोलन से बुरी तरह हिल गई है, इसलिए किसान मजदूर संघर्ष समिति और अन्य लोगों के लिए यह साजिश रची गई।

दिल्ली में कल हुई हिंसा में 300 से अधिक पुलिस कर्मी घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस ने किसान ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के संबंध में 200 लोगों को हिरासत में भी लिया है। 93 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गणतंत्र दिवस पर हिंसा भड़काने वाले किसान नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस केस दर्ज कर रही है।