म्यांमार तख्तापलट : चीनी सरकार के खिलाफ लोगों का विरोध प्रदर्शन, कहा-शर्म करो चीन

म्यांमार में चुनी हुई सरकार के तख्तापलट को 14 दिन बीत चुके हैं। यहां के लोगों में जितना गुस्सा अपने देश की सेना के खिलाफ है, उतना ही चीन के खिलाफ भी। तीन दिन में दूसरी बार यहां चीनी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। लोगों ने- शर्म करो चीन के नारे लगाए। करीब 12 हजार लोगों ने यांगून में चीनी एम्बेसी के सामने प्रदर्शन किया। हालांकि, फौज ने बहुत कम लोगों को एम्बेसी एरिया के पास जाने दिया।

गुरुवार के बाद रविवार को भी स्थानीय लोग यांगून स्थित चीनी दूतावास के सामने बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे। इनमें युवाओं की संख्या ज्यादा थी। कुछ लोगों ने चीनी नागरिकों की तरह मेकअप किया था। ये लोग शेम ऑन यू चाईना यानी चीन शर्म करो जैसे नारे लगा रहे थे। पहले तो सुरक्षा बलों ने प्रदर्शन की मंजूरी देने से इनकार कर दिया, लेकिन भीड़ बढ़ती देख उन्होंने तय शर्तों के साथ विरोध प्रदर्शन की इजाजत दे दी।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि म्यांमार में सैन्य तख्तापलट चीन की सरकार के इशारे पर हुआ है। बीजिंग में बैठी शी जिनपिंग सरकार नहीं चाहती कि म्यांमार में लोकतांत्रिक सरकार हो। कुछ लोगों ने हाथ में जो पोस्टर लिए थे, उनमें संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका और यूरोपीय यूनियन का शुक्रिया अदा किया। यूएन, अमेरिकी और यूरोपीय यूनियन ने तख्तापलट का विरोध किया है। अमेरिका और यूरोपीय यूनियन ने तो मिलिट्री गवर्नमेंट पर आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए हैं।

यह भी पढ़ें-बाइडेन ने भारतीय रेस्टोरेंट के ओनर्स से कहा-अगर अटलांटा आना हुआ तो आपके रेस्टोरेंट आने की कोशिश करूंगा