चक्रवात अर्नब पर केंद्र अलर्ट, अमित शाह ने संभाला मोर्चा
चक्रवात अर्नब से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के लिए केंद्र सरकार सक्रिय हो गई है। गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय दल भी भेजे जाएंगे।
- चक्रवात अर्नब: अमित शाह ने चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात।
- राहत अभियान: NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में जुटीं।
- केंद्रीय सहायता: नुकसान का आकलन करने के लिए भेजे जाएंगे केंद्रीय दल।
Amit Shah Assures Help to 4 States Amid Cyclone Arnab : चक्रवात अर्नब के मद्देनजर केंद्र सरकार ने प्रभावित राज्यों में राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने चक्रवात से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली और प्रभावित लोगों की मदद के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
गृह मंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि चक्रवात के कारण लोगों को होने वाली परेशानियों को कम किया जाए और जरूरतमंदों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जाए।
यह भी पढ़े : राजस्थान में छोटे कारोबारियों का कर्ज 20% की रफ्तार से बढ़ा
शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें सक्रिय हैं। ये टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं, ताकि प्रभावित इलाकों में आवश्यक मदद पहुंचाई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि चक्रवात से हुए नुकसान का आकलन करने और आगे की सहायता संबंधी जरूरतों का पता लगाने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (IMCT) जल्द भेजे जाएंगे। इन दलों के आकलन के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़े : जयपुर में खुला ज़ेन डायमंड का नया स्टोर
गृह मंत्री ने प्रभावित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत के मुताबिक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।



