अमित शाह ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का किया आगाज
ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण शुरू हो गया है। पांच दिन चलने वाले इस आयोजन में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक, 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और बड़ी संख्या में कारोबारी व आम आगंतुक पहुंचने की उम्मीद है। पहली बार छह देशों को साझेदार देश के तौर पर शामिल किया गया है।
- अमित शाह ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का किया शुभारंभ।
- 85 देशों के अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और 2,400 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी।
- ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पहली बार साझेदार देश बने।
Amit Shah Opens UP International Trade Show 2026 : उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार और निवेश के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा आयोजन शुरू हुआ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, राकेश सचान समेत कई मंत्री, अधिकारी और कारोबारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : ट्रंप के डिनर में जिनपिंग ने याद किया अमेरिका-चीन का पुराना रिश्ता
25 से 29 सितंबर तक चलने वाले इस ट्रेड शो में इस बार अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी बढ़ी है। ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पहली बार साझेदार देशों के रूप में शामिल हुए हैं। इन देशों की मौजूदगी से उत्तर प्रदेश के कारोबारियों को नए बाजार, निवेश, तकनीकी सहयोग और अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग के अवसर मिलने की उम्मीद है।
आयोजकों के मुताबिक, इस संस्करण में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। वहीं 1.5 लाख से अधिक बी2बी खरीदारों और आगंतुकों तथा करीब 4.5 लाख सामान्य आगंतुकों के पहुंचने का अनुमान है। 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी भी प्रस्तावित है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण मिल चुके हैं।
यह भी पढ़ें : अल्बर्ट हॉल में स्वच्छता का संदेश, स्वच्छता मित्रों का सम्मान
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (FIEO) के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स और प्रोक्योरमेंट से जुड़े प्रतिनिधियों को आयोजन से जोड़ा जा रहा है। बी2बी मैचमेकिंग और बिजनेस मीटिंग्स के जरिए प्रदर्शकों को संभावित खरीदारों के साथ सीधे बातचीत का मौका मिलेगा।
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के उद्योग और अर्थव्यवस्था से जुड़े कई क्षेत्रों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। कृषि, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, रक्षा, एविएशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, ई-कॉमर्स, फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल उपकरण, टेक्सटाइल्स, हैंडलूम, हस्तशिल्प, पर्यटन, रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और वित्तीय सेवाओं समेत कई सेक्टर इसमें शामिल हैं।



