अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा तंज : ‘असली में नहीं, मॉक पार्लियामेंट में ही पीएम बन सकते हैं राहुल

हैदराबाद में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली की विपक्षी रैली को 'घुसपैठिया बचाओ रैली' करार दिया और एसआईआर को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए। शाह ने राहुल गांधी की मॉक पार्लियामेंट पर भी तंज कसते हुए कहा कि वे नकली संसद में ही प्रधानमंत्री बन सकते हैं। -

  • असली संसद में नहीं, मॉक पार्लियामेंट में ही बन सकते हैं प्रधानमंत्री।
  • भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अमित शाह ने शुरू किया मार्च।
  • कांग्रेस की दिल्ली रैली को बताया ‘वोट बचाओ’ नहीं बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ रैली’।

Amit Shah’s sharp dig at Rahul Gandhi : कांग्रेस की दिल्ली रैली के बाद भाजपा ने भी अपने राजनीतिक अभियान को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को हैदराबाद पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद निजाम कॉलेज से भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की शुरुआत की।

पदयात्रा के दौरान आयोजित जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई विपक्ष की रैली को लेकर कहा कि कांग्रेस इसे वोट बचाओ रैली बता रही है, जबकि उनके अनुसार इसका असली मकसद घुसपैठियों को बचाना है।

शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि वह बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटने नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि भाजपा एसआईआर के समर्थन में मजबूती से खड़ी है और देश में मतदान का अधिकार केवल भारतीय नागरिकों को ही मिलना चाहिए।

एसआईआर के आंकड़ों पर राहुल गांधी के आरोपों को बताया गलत

अमित शाह ने राहुल गांधी के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें एसआईआर के कारण करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कही गई थी। शाह ने इस आंकड़े को गलत बताते हुए कहा कि मतदाता सूची में बदलाव के पीछे कई अलग-अलग कारण हैं।

यह भी पढ़ें ; लंदन में वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के पोस्टर का विमोचन, दीया कुमारी और अनिल अग्रवाल ने किया लॉन्च

उन्होंने दावा किया कि करीब सवा छह करोड़ लोग अपना निवास स्थान बदल चुके हैं, जबकि 2.8 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है। इसके अलावा एक करोड़ नाम डुप्लीकेट प्रविष्टियों से जुड़े हैं और तीन करोड़ ऐसे नाम हैं, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं है। शाह ने इन आंकड़ों के आधार पर कहा कि मतदाता सूची को सही और पारदर्शी बनाने के लिए एसआईआर जरूरी है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी इस प्रक्रिया को रोकने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा मतदाता सूची से अपात्र नाम हटाने के पक्ष में है।

राहुल गांधी की मॉक पार्लियामेंट पर कसा तंज

जनसभा में अमित शाह ने राहुल गांधी की ओर से आयोजित मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नकली संसद में प्रधानमंत्री बन सकते हैं, क्योंकि असली संसद में उनके प्रधानमंत्री बनने की संभावना नहीं है।

शाह ने तंज कसते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी उनसे सलाह लेते तो वे उन्हें मॉक पार्लियामेंट में बिना विपक्ष का नेता बने ही प्रधानमंत्री बनने की सलाह देते। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, लेकिन संसद की कार्यवाही में बाधा डालकर संवैधानिक जिम्मेदारियों का सम्मान नहीं करते।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस इसमें शामिल होने के बजाय राजनीतिक अराजकता फैलाना चाहती है।

ईवीएम पर कांग्रेस के रुख को लेकर भी घेरा

अमित शाह ने चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो जनता के जनादेश को स्वीकार करती है, लेकिन हारने पर ईवीएम को जिम्मेदार ठहराने लगती है।

उन्होंने सवाल किया कि यदि ईवीएम में गड़बड़ी है तो तेलंगाना में रेवंत रेड्डी की सरकार कैसे बनी? केरल, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की सरकारें कैसे बनीं? शाह ने कहा कि चुनाव परिणामों को अपनी सुविधा के अनुसार स्वीकार करना उचित नहीं है।

उन्होंने भाजपा की चुनावी जीत का श्रेय एसआईआर के बजाय देश के मतदाताओं के समर्थन को दिया। शाह के मुताबिक, नरेंद्र मोदी ने 2014 और 2019 में भी चुनाव जीतकर सरकार बनाई थी, जबकि उस समय एसआईआर का मुद्दा नहीं था।

सरदार पटेल का जिक्र कर हैदराबाद के इतिहास को किया याद

अपने संबोधन में अमित शाह ने हैदराबाद के भारत में विलय का जिक्र करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि उस समय सरदार पटेल ने निजाम के सामने मजबूती नहीं दिखाई होती तो हैदराबाद आज भारत का हिस्सा नहीं होता।

यह भी पढ़ें ; जोधपुर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली, सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे विशाल जनसभा को संबोधित

भाजपा की यह पदयात्रा कांग्रेस की ओर से एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के जवाब में चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान का हिस्सा है। पार्टी दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और हैदराबाद सहित विभिन्न स्थानों पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

Related Articles

Back to top button