नशे के खिलाफ बड़ा मंथन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एएनटीएफ प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दो दिवसीय बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, सिंथेटिक ड्रग्स, अवैध खेती, डार्कनेट और क्रिप्टो से जुड़े अपराधों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार होगा।
- अमित शाह: एएनटीएफ प्रमुखों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
- एएनटीएफ सम्मेलन: राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच समन्वय पर जोर।
- नशे के खिलाफ रणनीति: सिंथेटिक ड्रग्स, डार्कनेट और अवैध खेती पर चर्चा।
Amit Shah to Open ANTF National Conference : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के नए क्षेत्रीय परिसरों की वर्चुअल आधारशिला भी रखी जाएगी।
एनसीबी की ओर से आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के एएनटीएफ प्रमुखों के साथ संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग के खिलाफ केंद्र तथा राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें : ‘समुद्र मंथन’ ने छुआ मन
सम्मेलन में ‘साझा संकल्प, साझा जिम्मेदारी’ विषय के तहत मादक पदार्थ नियंत्रण विजन दस्तावेज (2026-29) में तय लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आपूर्ति रोकने, नशे की मांग कम करने और नुकसान घटाने से जुड़े उपायों पर चर्चा होगी।
आठ तकनीकी सत्रों में ड्रग नेटवर्क और कार्टेल पर कार्रवाई, सिंथेटिक ड्रग्स व प्रीकर्सर पर नियंत्रण, अवैध खेती रोकना, पुनर्वास, प्रवर्तन को प्रभावी बनाना तथा डार्कनेट और क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े मामलों की जांच जैसे विषय शामिल होंगे।
सम्मेलन में अगले तीन वर्षों के लिए मादक पदार्थों के खिलाफ संयुक्त रणनीति तैयार करने पर भी जोर रहेगा। कार्यक्रम में जागरूकता संबंधी टीवी विज्ञापन जारी किए जाएंगे, बेहतर प्रदर्शन करने वाले एएनटीएफ को सम्मानित किया जाएगा और एनसीबी की नई वेबसाइट का शुभारंभ भी किया जाएगा।



