अमित शाह बोले- नक्सलवाद की हर निशानी मिटाकर बस्तर को बनाएंगे खुशहाल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर को नक्सलवाद की हिंसा से पूरी तरह उबारने के लिए प्रभावित लोगों का पुनर्वास और उन्हें सम्मानजनक जीवन देना जरूरी है। दंतेवाड़ा में आयोजित दिव्यांग सेवा शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नक्सलवाद समाप्त करना नहीं, बल्कि बस्तर में विकास, शांति और सामान्य जनजीवन बहाल करना भी है।
- अमित शाह का बस्तर पर फोकस: नक्सलवाद की हर निशानी मिटाकर क्षेत्र में शांति और खुशहाली लाने का लक्ष्य।
- दिव्यांगों का पुनर्वास: नक्सल हिंसा से प्रभावित लोगों को कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर और अन्य सहायक उपकरण दिए जा रहे हैं।
- बस्तर में विकास: आत्मसमर्पण करने वालों के पुनर्वास, रोजगार, सड़क, आवास और सरकारी सेवाओं के विस्तार पर जोर।
Amit Shah’s Bastar Development Push : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित दिव्यांग सेवा शिविर के दूसरे चरण को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक चली नक्सली हिंसा ने बस्तर के लोगों को गहरी चोट पहुंचाई है। अब प्रभावित परिवारों को सहारा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम करने की जरूरत है।
शाह ने कहा कि नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए आदिवासी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देकर सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
गृह मंत्री ने बताया कि 5 से 7 अक्टूबर के बीच जगदलपुर में आयोजित शिविर में 3,600 से अधिक दिव्यांगजन लाभान्वित हुए थे। इनमें 1,570 से ज्यादा लोग बस्तर क्षेत्र के थे। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े नक्सली हिंसा के कारण स्थानीय आदिवासी समुदाय को हुई पीड़ा को सामने लाते हैं।
यह भी पढ़ें : दयाराम वर्मा के काव्य-संग्रह ‘चिंग तम अमत्तनि’ का लोकार्पण, कविताओं में उभरा प्रतिरोध का स्वर
शिविर में जरूरतमंदों को कृत्रिम हाथ-पैर, व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, स्मार्ट वॉकिंग स्टिक और कैलिपर्स जैसे सहायक उपकरण दिए जा रहे हैं। शाह ने एक लाभार्थी का उदाहरण देते हुए बताया कि तीन साल बाद अपने हाथ से गिलास उठाकर पानी पी पाने की खुशी उसके लिए बेहद भावुक क्षण था।
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार, जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, भारतीय जैन संघ और अभियान से जुड़ी अन्य संस्थाओं के योगदान की सराहना की। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से इस अभियान को आगे भी जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार संसाधनों की उपलब्धता में मदद करेगी।
यह भी पढ़ें : लद्दाख को 3,350 करोड़ की सौगात, PM मोदी ने शुरू कीं 5 बड़ी परियोजनाएं
अमित शाह ने बस्तर में नक्सलवाद से बाहर निकलकर सामान्य जीवन शुरू करने वाले लोगों के पुनर्वास से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। उनके अनुसार, अब तक 8,526 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से बैंक खाते नहीं रखने वाले 7,500 लोगों के खाते खुलवाए गए हैं। इसके अलावा 1,625 लोगों को इनामी राशि और 7,882 लोगों को प्रोत्साहन राशि दी गई है, जबकि 455 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
शाह ने बताया कि 129 लोगों को भूमि आवंटित की गई और 404 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए गए। दो हजार से अधिक आदिवासियों को कौशल विकास का प्रशिक्षण मिला है। क्षेत्र में 6,700 नए राशन कार्ड बनाए गए और 2,800 परिवारों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई गई।



