भंडारा में दर्दनाक हादसा, 9 की मौत
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 बच्चों समेत 9 लोगों की जान चली गई। वाहन में सवार यात्री छत्तीसगढ़ से तीज के मौके पर नागपुर जा रहे थे।
- भंडारा सड़क हादसा में 3 बच्चों समेत 9 यात्रियों की मौत
- बोलेरो-ट्रक टक्कर में कई लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
- नागपुर-रायपुर हाईवे पर तड़के हुआ दर्दनाक हादसा
Bhandara Road Crash Kills 9: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस के साथ मिलकर वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बोलेरो में करीब 16 से 17 लोग सवार थे। ये सभी छत्तीसगढ़ से तीज त्योहार के लिए नागपुर जा रहे थे। सफर के दौरान मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच करीब रात 3 बजे बोलेरो खड़े ट्रक से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 6 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र पांच साल से कम बताई जा रही है। बाद में इलाज के लिए नागपुर ले जाई जा रही एक महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।
हादसे में मरने वालों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, बोलेरो चालक समेत कई अन्य यात्री घायल हुए हैं।
घायलों को पहले साकोली के अस्पताल में उपचार दिया गया, जिसके बाद कुछ लोगों को भंडारा रेफर किया गया। गंभीर घायलों को आगे नागपुर स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया। ड्राइवर और तीन बच्चों का इलाज भंडारा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को नागपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:पुतिन दिल्ली पहुंचे, मोदी से आज अहम बातचीत
डॉक्टर लक्ष्मीकांत शहारे के मुताबिक हादसा मुंडिपार और पिंपलगांव के बीच हुआ। उनके अनुसार, रात के समय सड़क पर एक ट्रक खड़ा था, जिसे करीब 3 बजे बोलेरो ने टक्कर मार दी। घायलों को पहले साकोली अस्पताल लाया गया था और हालत के अनुसार उन्हें भंडारा तथा नागपुर रेफर किया गया।
हादसे में अपने रिश्तेदार को खोने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि सभी लोग छत्तीसगढ़ से नागपुर जा रहे थे और तीज के त्योहार में शामिल होने वाले थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में उनकी भांजी सरिता वर्मा भी शामिल हैं।
इस हादसे के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।



