भाजपा का बड़ा फेरबदल : संजय भाटिया को राजस्थान तो बिप्लब देव को एमपी की कमान, 36 राज्यों के प्रभारी घोषित
भाजपा ने बुधवार को 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारियों और सह-प्रभारियों की सूची जारी की। संजय भाटिया को राजस्थान तथा बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्मृति ईरानी और राम माधव समेत पांच नेताओं को दो-दो राज्यों का प्रभार मिला है। उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
- भाजपा ने 36 राज्यों में नए प्रभारी और सह-प्रभारियों की सूची की जारी।
- संजय भाटिया को राजस्थान और बिप्लब देव को मध्य प्रदेश की सौंपी गई कमान।
- स्मृति ईरानी और राम माधव समेत 5 बड़े नेताओं को मिली दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी।
BJP Names Sanjay Bhatia Rajasthan In-Charge : भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियों का ऐलान किया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से बुधवार को जारी सूची में 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। इसमें राजस्थान की कमान संजय भाटिया को सौंपी गई है, जबकि बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।
राजस्थान में अब तक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं मध्य प्रदेश में डॉ. महेंद्र सिंह के पास प्रभारी का दायित्व था। नई नियुक्तियों के साथ दोनों राज्यों में पार्टी के संगठनात्मक प्रभार में बदलाव हुआ है।
यह भी पढ़ें ; ‘गनमास्टर G9’ में दिखा इमरान-जेनेलिया का रोमांस
पार्टी की नई सूची में कुछ नेताओं को एक से अधिक राज्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी मिली है। इनके अलावा तीन अन्य नेताओं को भी दो राज्यों का प्रभार सौंपा गया है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के प्रभारियों के नाम भी सूची में शामिल हैं। विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश, सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। इन तीनों नेताओं की नियुक्ति 18 अगस्त को ही की जा चुकी थी। उस समय पार्टी ने कहा था कि अन्य राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों की घोषणा बाद में की जाएगी।
कई राज्यों में सह-प्रभारी भी नियुक्त
नई सूची में उत्तर प्रदेश में एक प्रभारी के साथ चार सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं असम, बिहार, दिल्ली, राजस्थान और तमिलनाडु में दो-दो सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
महाराष्ट्र में प्रभारी बैजयंत जय पांडा के साथ तीन सह-प्रभारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें अमित मालवीय, सदानंद शेट तनवाडे और कमलजीत सहरावत शामिल हैं।
अनिल एंटनी को भी दोहरी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें नगालैंड का प्रभारी बनाया गया है और गोवा के सह-प्रभारी का दायित्व भी दिया गया है।
12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सह-प्रभारी नहीं
भाजपा ने 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सह-प्रभारी नियुक्त नहीं किए हैं। इनमें अंडमान-निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, लद्दाख तथा लक्षद्वीप शामिल हैं।
यह भी पढ़ें ; पंचायत चुनाव से पहले आरक्षण की लॉटरी, बदल गए गांवों के समीकरण
इसके अलावा मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम और त्रिपुरा में भी केवल प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इन स्थानों पर अलग से सह-प्रभारी की घोषणा नहीं की गई है।



