95 साल बाद जनगणना में पूछी जाएगी जाति, जानें कब शुरू होगी प्रक्रिया

देश में 2027 की जनगणना का दूसरा चरण 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रस्तावित है। इस बार जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी, जो 1931 के बाद पहली बार होगी। जनगणना डिजिटल माध्यम से कराई जाएगी और नागरिकों को 10 से 24 जनवरी तक स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने का विकल्प मिलेगा। पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी।

  • 95 साल बाद फिर होगी जातिगत जनगणना, 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगा डिजिटल सर्वे।
  • जातिगत जनगणना के दूसरे चरण में पूछे जाएंगे कुल 40 सवाल, सेल्फ-एन्यूमरेशन की भी होगी सुविधा।
  • चुनावी राज्यों और बर्फबारी वाले इलाकों को फिलहाल इस चरण से रखा गया है बाहर।

Caste to be asked in census after 95 years : देश में आगामी जनगणना को लेकर तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। इस बार की जनगणना कई मायनों में अलग होगी। करीब 95 साल बाद जाति से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी। इससे पहले 1931 में जाति के आधार पर व्यापक जनगणना की गई थी। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी और लोगों को अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने का विकल्प भी मिलेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनगणना का दूसरा चरण 25 जनवरी 2027 से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इससे पहले घरों की सूची और मकानों की गणना से जुड़ा पहला चरण जून 2026 में पूरा हो चुका है।

यह भी पढ़ें ; राजीविका दिवाली मेले में उमड़ा जनसैलाब, राजस्थानी जायकों और कोटा डोरिया ने मोहा जयपुरवासियों का दिल

सरकार की अधिसूचना के मुताबिक, नागरिक 10 से 24 जनवरी 2027 के बीच जनगणना पोर्टल पर खुद अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घरों पर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन और आवश्यक विवरण दर्ज करेंगे। इस प्रक्रिया के लिए करीब 30 लाख प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती की जाएगी। वे टैबलेट और मोबाइल ऐप के जरिए आंकड़े जुटाएंगे।

जनगणना की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले इच्छुक नागरिक ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। अंत में पांच दिन का रिवीजन राउंड आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई परिवार या व्यक्ति गणना से छूट न जाए।

हालांकि, सभी राज्यों में दूसरे चरण की जनगणना एक साथ नहीं होगी। मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड को फिलहाल इस कार्यक्रम से अलग रखा गया है। इन राज्यों में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव संभावित होने के कारण यह व्यवस्था की गई है। वहीं, बर्फबारी और कठिन मौसम वाले क्षेत्रों लद्दाख, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर में भी इसी समय जनगणना नहीं कराई जाएगी।

गृह मंत्रालय के अधीन भारत के रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 3 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किया है। निर्धारित कार्यक्रम में 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे को संदर्भ तिथि (रेफरेंस डेट) माना गया है।

यह भी पढ़ें ; विप्र फाउंडेशन में बड़ी नियुक्ति, संतोष दाधीच को फिर मिली प्रदेश उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी

डिजिटल व्यवस्था से आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने और लोगों की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। जाति संबंधी जानकारी शामिल होने के कारण इस जनगणना के आंकड़ों पर देशभर की नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button