नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को मणिपुर के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और राज्य की स्थिति पर चर्चा की। यह बैठक नई कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में हुई। इसमें कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मणिपुर में हालात सामान्य करने के लिए जल्द से जल्द एक राजनीतिक समाधान जरूरी है। इस बैठक में मणिपुर के कांग्रेस प्रभारी सप्तगिरी उल्का, प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) अध्यक्ष केशम मेघचंद्र सिंह और अन्य नेता भी शामिल हुए।
बैठक के बाद वेणुगोपाल ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, मणिपुर पिछले दो साल से भीषण गृहयुद्ध जैसी स्थिति से गुजर रहा है। इसे सामान्य करने के लिए एक राजनीतिक समाधान की आवश्यकता है। कांग्रेस लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह करती रही है कि वह मणिपुर का दौरा कर वहां की जनता का दर्द समझें और हिंसा से प्रभावित लोगों का भरोसा बहाल करें। मणिपुर में मई 2023 से दो प्रमुख समुदायों मेतेई और कुकी के बीच हिंसा जारी है। इस हिंसा में अब तक 200 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।