दिल्ली में भरभरा कर गिरा हॉस्टल, 3 की दर्दनाक मौत
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त इमारत में हॉस्टल संचालित होने और बड़ी संख्या में छात्रों के मौजूद होने की बात सामने आई है। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को बाहर निकाला गया, जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
- दिल्ली बिल्डिंग हादसा में पांच मंजिला इमारत ढहने से मचा हड़कंप।
- सत्य निकेतन की पुरानी इमारत में हॉस्टल चलने की बात सामने आई।
- दिल्ली हादसे के बाद मलबे में फंसे लोगों के लिए रेस्क्यू अभियान जारी।
Hostel collapses in Delhi : दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक पांच मंजिला पुरानी इमारत भरभराकर गिर गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी और इसमें हॉस्टल संचालित हो रहा था। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें ; पोकरण में गरजे शेखावत : बोले— ‘हर वार्ड में खिलेगा कमल, बनेगी बीजेपी की सरकार’
स्थानीय लोगों के मुताबिक इमारत के बेसमेंट में खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के समय कई छात्र अपने कमरों में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि इमारत में करीब 20 से 25 कमरे थे और प्रत्येक कमरे में कई छात्र रहते थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। मलबे को हटाने के लिए कुछ लोग हथौड़ों की मदद लेते दिखाई दिए। राहत अभियान के दौरान कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मलबे के नीचे वाहन भी दबे होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मलबे में फंसा एक युवक मदद की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद उसके एक दोस्त के मुताबिक, युवक फोन पर लगातार उसे बचाने की अपील कर रहा था। इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को भी चिंतित कर दिया।
मामले में इमारत के मालिक आनंद बंसल के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया है कि वह गुरुग्राम में रहता है। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण या बेसमेंट में चल रहे काम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें ; एआई के दौर में शिक्षक क्यों हैं जरूरी? नितिन विजय ने बताई बड़ी वजह
घटनास्थल के पास एक अन्य इमारत के भी असुरक्षित स्थिति में होने की बात सामने आई है। एहतियात के तौर पर वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों की तलाश और सुरक्षित बचाव अभियान को पूरा करना है।



