दिल्ली-NCR में सांसों पर संकट, कई इलाकों में AQI 400 पार

दिल्ली-NCR में सांसों पर संकट, कई इलाकों में AQI 400 पार

  • दिल्ली में AQI 400 पार: अलीपुर में 415 और बवाना में 409 दर्ज।
  • नोएडा की हवा भी खराब: सेक्टर-62 में AQI 406 तक पहुंचा।
  • गाजियाबाद में भी प्रदूषण का असर: वेव सिटी में 314 और संजय नगर में 306 AQI दर्ज।

Delhi-NCR Air Pollution: AQI Crosses 400 in Several Areas: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बाद हवा साफ होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन बारिश थमते ही प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने लगा। राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को घर से बाहर निकलते समय भी सावधानी बरतने की जरूरत पड़ रही है।

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और IITM के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में सबसे अधिक 415 AQI दर्ज किया गया, जबकि बवाना में यह आंकड़ा 409 तक पहुंच गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में 383, बुराड़ी में 348 और अशोक विहार में 350 AQI रहा। वहीं आया नगर में 310 और बदरपुर में 300 दर्ज किया गया।

नोएडा में भी बिगड़े हालात

प्रदूषण का असर नोएडा में भी साफ दिखाई दे रहा है। यहां सेक्टर-62 में AQI 406 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब स्थिति को दर्शाता है। सेक्टर-39 में 364, सेक्टर-150 में 343 और सेक्टर-116 में 270 AQI रहा। सेक्टर-125 में 250 और सेक्टर-1 में 201 दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:जयपुर की सड़कों पर उतरेंगे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में सांसद मंजू शर्मा होंगी साथ

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और वाहनों व अन्य स्रोतों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ा रहा है। सड़कों की मरम्मत और निर्माण के दौरान धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से समस्या गंभीर हो रही है। लोगों का कहना है कि निर्माण गतिविधियों पर लागू प्रतिबंधों का भी प्रभावी पालन नहीं कराया जा रहा।

गाजियाबाद में भी राहत नहीं

गाजियाबाद के कई इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। वेव सिटी में AQI 314 और संजय नगर में 306 दर्ज किया गया। इंदिरापुरम में 275, वसुंधरा में 260, लोनी में 293 और वेद विहार-लोनी में 212 AQI रहा।

विशेषज्ञों के मुताबिक, 400 के आसपास या इससे अधिक AQI स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसका असर फेफड़ों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर अधिक पड़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें और अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क इस्तेमाल करें।

मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 8 नवंबर तक दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, तेज हवाएं नहीं चलने की संभावना के चलते प्रदूषण से जल्द राहत मिलने के आसार कम हैं।

Related Articles

Back to top button