ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल, ली पद की शपथ
देहरादून के लोकभवन में आयोजित समारोह में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने दिलाई शपथ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई प्रमुख नेता और गणमान्यजन रहे मौजूद। बिसेन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही।
- ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड के नौवें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की।
- शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री और कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
- उत्तराखंड का विकास राज्यपाल की प्राथमिकताओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण शामिल हैं।
Dhal Singh Bisen Takes Oath as Uttarakhand’s Ninth Governor : उत्तराखंड को सोमवार को नए राज्यपाल मिल गए। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्य के नौवें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई।

समारोह की शुरुआत में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति अधिपत्र पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत और विजय बहुगुणा सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। योगगुरु स्वामी रामदेव और परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानन्द सरस्वती भी समारोह में शामिल हुए।
यह भी पढे : रितेश देशमुख की तेलुगु फिल्मों में एंट्री, ‘RAPO23’ में निभाएंगे अहम किरदार
शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल बिसेन ने उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपने के लिए देश के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, आदि कैलाश और जागेश्वर धाम इसकी विशिष्ट पहचान हैं।
उन्होंने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के युवा, किसान और मातृशक्ति प्रदेश की असली ताकत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास संबंधी दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता बताई।
यह भी पढे : अमेरिका में तूफान का खतरा, तटीय इलाकों में बाढ़ की चेतावनी
राज्यपाल ने कहा कि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना और पद की गरिमा बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही राज्य सरकार और जनता के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण तथा रोजगार के क्षेत्रों में काम करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने देवभूमि की शांति, सुरक्षा और समृद्धि को अपना प्रमुख लक्ष्य बताया। उनके अनुसार, जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देना और विकास के लाभ आम लोगों तक पहुंचाना महत्वपूर्ण होगा।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म 14 मई 1952 को मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के पिपरिया में हुआ था। उन्होंने 1990 में मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद 1993, 1998 और 2003 में भी विधायक निर्वाचित हुए।



