आचार्य महाप्रज्ञ के 107वें जन्मोत्सव पर सजेगा ‘महावीर से महाप्रज्ञ’ का भव्य मंच
आचार्य महाप्रज्ञ के 107वें जन्मोत्सव पर 12 जुलाई को नई दिल्ली में ‘महावीर से महाप्रज्ञ’ विषय पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। मुनिश्री जयकुमार जी के सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन में अश्विनी उपाध्याय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि बाबा सत्यनारायण मौर्य की विशेष प्रस्तुति श्रद्धालुओं और आध्यात्मिक प्रेमियों के लिए प्रमुख आकर्षण बनेगी।
- आचार्य महाप्रज्ञ के 107वें जन्मोत्सव पर होगा विशेष आयोजन।
- महावीर से महाप्रज्ञ विषय पर आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम।
- आचार्य महाप्रज्ञ के जीवन-दर्शन और मानवीय मूल्यों पर होगा विशेष फोकस।
The grand stage of ‘Mahavir se Mahapragya’ : जैन तेरापंथ धर्मसंघ के दसवें आचार्य आचार्य महाप्रज्ञ के 107वें जन्मोत्सव के अवसर पर 12 जुलाई को राजधानी दिल्ली में ‘महावीर से महाप्रज्ञ’ विषय पर एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आचार्य महाप्रज्ञ के विचारों, जीवन-दर्शन और मानवीय मूल्यों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना है।
यह भी पढ़ें ; तटीय सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, अमित शाह ने दिए सख्त निर्देश
यह आयोजन जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दिल्ली और आचार्य महाश्रमण प्रवास व्यवस्था समिति, दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स, दक्षिण दिल्ली में आयोजित होगा। कार्यक्रम को मुनिश्री जयकुमार जी ठाणा-3 का आध्यात्मिक सान्निध्य प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।
कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कन्हैयालाल जैन पटावरी, सुखराज सेठिया सहित अनेक विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
आयोजन का मुख्य आकर्षण प्रख्यात कवि, लेखक, चिंतक और गायक बाबा सत्यनारायण मौर्य की विशेष प्रस्तुति होगी। वे अपनी विशिष्ट शैली में भगवान महावीर से लेकर आचार्य महाप्रज्ञ तक की आध्यात्मिक परंपरा, अहिंसा, आत्मानुशासन और मानवीय मूल्यों पर आधारित प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का संचालन अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि राजेश चेतन करेंगे।
समारोह की शुरुआत जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दिल्ली के सभा गीत से होगी। सांस्कृतिक प्रभारी जय सिंह दुगड़, ललित श्यामसुखा और उनकी टीम इस प्रस्तुति के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करेंगे।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम केवल जन्मोत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आचार्य महाप्रज्ञ के जीवन, साहित्य, प्रेक्षाध्यान, नैतिक जीवनशैली, मानव एकता और आध्यात्मिक चिंतन को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। विभिन्न सांस्कृतिक और प्रेरक प्रस्तुतियों के जरिए उनके संदेशों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; केकड़ी को मिलेगी विकास की नई सौगात, सीएम भजनलाल शर्मा का दौरा कल
कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, शिक्षाविदों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, युवाओं और महिलाओं की सहभागिता की उम्मीद है। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम का हिस्सा बनने और आचार्य महाप्रज्ञ के आदर्शों के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का आग्रह किया है।



