मेलबर्न में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, ‘वंदे मातरम’ की गूंज से गूंजा माहौल
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से स्वागत किया। देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा माहौल उत्साह से भर गया। तीन दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता कर रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देंगे।
- मेलबर्न में पीएम मोदी का भारतीय समुदाय ने जोरदार स्वागत किया।
- वंदे मातरम और देशभक्ति गीतों से स्वागत समारोह बना खास।
- पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे में अहम द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे।
Grand welcome for PM Modi in Melbourne : ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचते ही भारतीय समुदाय ने उनका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। देशभक्ति के रंग में रंगे इस आयोजन में ‘वंदे मातरम’ और ‘मां तुझे सलाम’ की धुनों ने माहौल को और भी भावनात्मक बना दिया।

स्वागत समारोह के दौरान कलाकारों ने भारतीय संस्कृति से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। महिला कलाकारों ने शिव भक्ति पर आधारित नृत्य पेश किया, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने तालियां बजाकर सराहा। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कलाकारों और भारतीय समुदाय के सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें ; झोटवाड़ा को मिली विकास की नई सौगात, तीन सड़कें बदलेंगी इलाके की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि मेलबर्न पहुंचकर उन्हें खुशी हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देगी। साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ होने वाली वार्ता और भारतीय समुदाय से मुलाकात को लेकर उत्साह भी व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी बताया कि प्रधानमंत्री का मेलबर्न में विशेष अंदाज में स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज तीसरे वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग, व्यापार, निवेश और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।
यह भी पढ़ें ; स्कूलों पर मुख्य सचिव सख्त, जर्जर भवनों की होगी सीधी निगरानी
प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर हैं। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक के अलावा ऑस्ट्रेलिया की गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



