SIR पर इंडी गठबंधन की बैठक, रणनीति पर मंथन
नई दिल्ली में इंडी गठबंधन की बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों पर चर्चा शुरू हुई। विपक्षी दल मतदाता सूचियों से नाम हटने के आरोप, आयोग के भीतर कथित मतभेद और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग जैसे विषयों पर आगे की संयुक्त राजनीतिक और संसदीय रणनीति पर विचार कर रहे हैं। बैठक में कई प्रमुख विपक्षी नेता शामिल हुए हैं।
- SIR मुद्दा: मतदाता सूचियों से नाम हटने के आरोपों पर विपक्ष की चर्चा।
- चुनाव आयोग: आयोग की कार्यप्रणाली और कथित मतभेदों पर मंथन।
- इंडी गठबंधन: संयुक्त राजनीतिक और संसदीय रणनीति बनाने पर जोर।
INDIA Bloc Meets Over SIR and Election Commission: नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर इंडी गठबंधन के विपक्षी दलों की बैठक बुधवार को कांस्टीट्यूशन क्लब में शुरू हुई। बैठक में आगे की संयुक्त रणनीति को लेकर नेताओं के बीच चर्चा चल रही है।
बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और भाकपा (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य समेत कई विपक्षी नेता पहुंचे। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में मौजूद नहीं रहे और उनकी पार्टी की ओर से अन्य नेताओं ने प्रतिनिधित्व किया।
चर्चा के प्रमुख मुद्दों में SIR के दौरान मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने के आरोप, चुनाव आयोग के भीतर कथित असहमति और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में प्रस्ताव लाने से जुड़े मसौदे पर भी विचार किया जा सकता है।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि बैठक में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट), शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट), आरजेडी, माकपा, भाकपा, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी, झारखंड मुक्ति मोर्चा, भाकपा (माले), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग समेत कई दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:2003 वोटर लिस्ट की शर्त हटी, Form-6 हुआ आसान
बैठक में SIR और चुनाव आयोग से जुड़े घटनाक्रम पर आगे की राजनीतिक और संसदीय कार्रवाई को लेकर भी विचार होने की संभावना है। यह बैठक कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के एक दिन बाद हो रही है। सीडब्ल्यूसी ने SIR को तत्काल रोकने, मतदाता सूचियों से हटाए गए बताए जा रहे 13.30 करोड़ नाम बहाल करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की थी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए थे।
यह इंडी गठबंधन की पिछले तीन वर्षों में आठवीं बैठक बताई जा रही है, जबकि 2026 में यह दूसरी बैठक है। इससे पहले 8 जून को विपक्षी दलों ने SIR और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर बैठक की थी। उस बैठक में आम आदमी पार्टी और द्रमुक शामिल नहीं हुए थे।
इस बार भी आम आदमी पार्टी और द्रमुक का कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ है। हालांकि, 28 जून को भारत के मुख्य न्यायाधीश को भेजे गए विपक्षी दलों के संयुक्त पत्र पर दोनों दलों ने हस्ताक्षर किए थे।



