सोमालिया तट पर भारत का बड़ा ऑपरेशन, समुद्री लुटेरों से छुड़ाया जहाज
भारतीय नौसेना ने सोमालिया के तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे से अपहृत मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को सफलतापूर्वक मुक्त करा लिया है। 48 घंटे से अधिक चले इस अभियान में नौसेना के कमांडो और वायुसेना के सी-17 विमान ने अहम भूमिका निभाई। जहाज पर सवार सभी 20 चालक दल सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। कार्रवाई में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
- भारतीय नौसेना ने सोमालिया तट के पास जहाज ‘अजिनी’ को समुद्री लुटेरों से छुड़ाया।
- 48 घंटे से अधिक चले ऑपरेशन में 20 क्रू मेंबर्स सुरक्षित बचाए गए।
- वायुसेना के सी-17 विमान से मरीन कमांडो उतारे गए, संयुक्त सैन्य कार्रवाई सफल रही।
Indian Navy Rescues Hijacked Vessel Ajini Near Somalia, Saves 20 Crew Members : हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर भारतीय नौसेना ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे में पहुंचे मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ को भारतीय सेना ने संयुक्त अभियान चलाकर मुक्त करा लिया। इस कार्रवाई में जहाज पर मौजूद चालक दल के सभी 20 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
नौसेना के अनुसार, यह अभियान 48 घंटे से अधिक समय तक चला। इसमें भारतीय नौसेना के युद्धपोत के साथ समुद्री निगरानी विमान और भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान की मदद ली गई। सी-17 विमान के जरिए मरीन कमांडो को सटीक एयरड्रॉप के माध्यम से अभियान स्थल तक पहुंचाया गया। इसके बाद कमांडो ने जहाज पर सामरिक कार्रवाई कर उसे अपने नियंत्रण में ले लिया।
यह भी पढ़े : इनटैंगल्स की नई रेंज लॉन्च, अब वाहनों की खराबी का पहले चलेगा पता
मदर शिप बनाकर दूसरे जहाजों पर हमले की आशंका
जानकारी के अनुसार, पिछले महीने की शुरुआत में सशस्त्र समुद्री लुटेरों के एक समूह ने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास मछली पकड़ने वाले जहाज ‘अजिनी’ का अपहरण कर लिया था। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि समुद्री डाकू इस जहाज का इस्तेमाल मदर शिप के रूप में कर सकते हैं। इसके जरिए क्षेत्र से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने का खतरा था।
सूचना मिलने के बाद भारतीय नौसेना ने मिशन पर तैनात एक युद्धपोत को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया। समुद्री निगरानी विमान की मदद से अपहृत जहाज की स्थिति और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
यह भी पढ़े : हाइलो ओपन जीतते ही सिंधु की रैंकिंग में उछाल, पहुंचीं छठे नंबर पर
गैर-घातक उपायों से सीमित की जहाज की गतिविधियां
नौसेना के कैप्टन विवेक मधवाल ने बताया कि लगातार निगरानी और आपसी समन्वय के जरिए जहाज का पता लगाया गया। इसके बाद उसकी गतिविधियों को सीमित करने और भागने से रोकने के लिए सुनियोजित गैर-घातक उपाय अपनाए गए।
हालात को नियंत्रित करने के बाद कमांडो ने तेजी से कार्रवाई की और हथियारबंद समुद्री लुटेरों के खतरे को निष्प्रभावी कर दिया। पूरे अभियान के दौरान किसी भी चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई और सभी 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।



