सरकारी खर्च पर बढ़ेगी डिजिटल निगरानी, ओम बिरला ने दिया तकनीक पर जोर

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में जनता के पैसे का इस्तेमाल पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। इसके लिए संसद और राज्य विधानसभाओं की लोक लेखा समितियों को तकनीक से मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने ऑडिट आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण, डिजिटल निगरानी और सरकारी खर्च की नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया।

  •  ओम बिरला ने लोक लेखा समितियों में तकनीक के इस्तेमाल को जरूरी बताया।
  • सरकारी योजनाओं और बजट खर्च की डिजिटल निगरानी बढ़ाने पर जोर।
  • 27 राज्यों के प्रतिनिधियों ने सम्मेलन में साझा संकल्प प्रस्ताव पारित किया।

Om Birla Calls for Technology to Strengthen Accountability in Public Accounts Committees : सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं पर खर्च होने वाले जनता के पैसे का हिसाब अब अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की जरूरत है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद और राज्य विधानसभाओं की लोक लेखा समितियों को तकनीक के माध्यम से मजबूत करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के एक-एक रुपये का इस्तेमाल जनहित में होना चाहिए और इसके लिए निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाना जरूरी है।

केरल विधानसभा में आयोजित संसद और राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं की लोक लेखा समितियों के सभापतियों के दो दिवसीय सम्मेलन के समापन समारोह में बिरला ने ये बातें कहीं। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में सभी प्रतिनिधियों की सहमति से साझा संकल्प प्रस्ताव पारित किया गया है। यह भविष्य में लोक लेखा समितियों के कामकाज को दिशा देने में मददगार होगा।

यह भी पढ़े : निसान का दिवाली ऑफर, मैग्नाइट और ग्रेवाइट में मुफ्त मिलेगी CNG किट

ऑडिट आपत्तियों का समय पर हो निस्तारण

ओम बिरला ने कहा कि कई मामलों में ऑडिट रिपोर्ट और आपत्तियां सामने आने के बावजूद लंबे समय तक उनका समाधान नहीं हो पाता। इस व्यवस्था में सुधार के लिए संसद और राज्य विधानसभाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने संसद में विकसित ऑडिट मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्यों में भी इसी तरह के डिजिटल सिस्टम तैयार किए जाने चाहिए, ताकि सरकारी खर्च और ऑडिट संबंधी मामलों की निगरानी बेहतर हो सके।

सिर्फ बजट बढ़ना योजना की सफलता नहीं

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसी सरकारी योजना का बजट बढ़ा देना उसकी सफलता का प्रमाण नहीं है। यह देखना जरूरी है कि आवंटित राशि का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के लिए हुआ या नहीं। बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा होने की भी नियमित समीक्षा होनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं को लागू करना कार्यपालिका की जिम्मेदारी है, जबकि उनके कामकाज की निगरानी और समीक्षा करना विधायिका का दायित्व है।

यह भी पढ़े : ट्रंप दोनों सदनों में हारे, डेमोक्रेट्स को बहुमत: अब्दुल अल-सैयद बनेंगे अमेरिका के पहले मुस्लिम सीनेटर, ट्रंप ने कहा था ‘जिहादी’

कैग और लोक लेखा समितियों के बीच बेहतर तालमेल

सम्मेलन में ऑडिट के बाद संसदीय जांच की प्रक्रिया सुधारने, समितियों की नियमित समीक्षा और उनकी सिफारिशों पर अमल सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) और लोक लेखा समितियों के बीच समन्वय बढ़ाने के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण की जरूरत भी उठाई गई।

बिरला ने कहा कि तकनीक जवाबदेही और कार्यक्षमता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल मानवीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के लिए नियमित बैठकें, प्रशिक्षण और अनुभव साझा करने की आवश्यकता भी बताई।

सम्मेलन में 27 राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने कैग और लोक लेखा समितियों के कामकाज में तकनीक के अधिकतम उपयोग पर सहमति जताई।

Related Articles

Back to top button