रामलीला मैदान में विपक्ष का हल्लाबोल, राहुल गांधी का बड़ा दावा- ‘ज्ञानेश कुमार CEC पद से हटेंगे और जेल जाएंगे

नई दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरा विपक्ष एकजुट हुआ। राहुल गांधी ने पीएम मोदी और बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि देश का लोकतंत्र और वोट चोरी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी तथा न्याय होकर रहेगा।

  • दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज।
  • राहुल गांधी का तीखा हमला- ज्ञानेश कुमार CEC पद छोड़ेंगे और जेल जाएंगे।
  • सोनिया गांधी, खड़गे, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत तमाम विपक्षी दल हुए एकजुट।

Opposition’s massive protest at Ramlila Maidan : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में एकजुट होकर शक्ति प्रदर्शन किया। INDIA ब्लॉक के नेताओं ने चुनाव आयोग पर पक्षपात और वोटों में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। रैली में राहुल गांधी ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से हटेंगे और उन्हें जेल भी जाना पड़ेगा। सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी और अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेता इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुआ। इससे एक दिन पहले शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी नेताओं की बैठक हुई थी, जिसमें ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित करने की बात कही गई।

यह भी पढ़ें ; गोबर के दीपकों से रोशन होगी देश-विदेश की दीपावली, जयपुर से मॉरीशस तक पहुंची गोमय दीप की महक

रविवार की रैली में कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत INDIA ब्लॉक के कई प्रमुख चेहरे शामिल हुए। इनके अलावा फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और सुप्रिया सुले भी मंच पर मौजूद रहे। करीब चार घंटे चले कार्यक्रम में आठ नेताओं ने अपनी बात रखी।

SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ पिछले 25 दिनों में विपक्षी दल सातवीं बार एकजुट हुए हैं। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच भी छह बार विरोध प्रदर्शन किए गए थे।

राहुल गांधी ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

रैली में राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को अपने किए का जवाब देना होगा। राहुल ने दावा किया कि उनकी कही बात सच साबित होगी और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद छोड़ने के साथ जेल भी जाना पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। राहुल के मुताबिक, यह किसी एक राजनीतिक दल या नेता का आंदोलन नहीं, बल्कि संविधान और देश के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष नफरत की राजनीति में विश्वास नहीं करता और उसका उद्देश्य देश में मोहब्बत और भाईचारे को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर आगे कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। राहुल ने कहा कि देश को न्याय दिलाने के लिए विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा। अडाणी समूह को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाए और कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय की जाएगी।

ममता बोलीं- लोकतंत्र और अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली में कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाया गया है।

ममता ने कहा कि विपक्ष को डराया नहीं जा सकता। जरूरत पड़ने पर बड़ी से बड़ी कुर्बानी देकर भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने चुनावी मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश हुई है।

अखिलेश ने चुनाव आयोग को बताया हथियार

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से जीत का भरोसा नहीं होता, तब वह चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का इस्तेमाल करती है।

अखिलेश ने पश्चिम बंगाल चुनाव और SIR प्रक्रिया का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाकर लोगों के मतदान के अधिकार को प्रभावित किया गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने से जुड़े दावों का उल्लेख किया।

महबूबा और फारूक अब्दुल्ला ने भी उठाए सवाल

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव की जरूरत है और जनता को समय रहते अपनी आवाज बुलंद करनी चाहिए। महबूबा ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए और सेना में भर्ती की पुरानी व्यवस्था की जगह अग्निपथ योजना लागू कर दी गई।

यह भी पढ़ें ; मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर में दीक्षांत समारोह का समापन, दो दिनों में बांटी गईं 4,184 डिग्रियां

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने देश में सांप्रदायिक आधार पर होने वाली बयानबाजी पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को बार-बार पाकिस्तानी बताने की कोशिश की जाती है, जबकि उन्होंने भी देश के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उनका भविष्य भारत के साथ है और वे इसी देश में रहेंगे।

खड़गे ने सरकार पर लगाया वोटर चुनने का आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी रैली में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बीच विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है और मतदाता सूची से लेकर चुनावी प्रक्रिया तक में हस्तक्षेप किया जा रहा है।

खड़गे ने दावा किया कि केंद्र के साथ बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारें भी चुनावी अनियमितताओं के आरोपों से घिरी हुई हैं। उन्होंने विपक्षी दलों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।

रामलीला मैदान की इस रैली के जरिए विपक्ष ने साफ संकेत दिया कि SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा। वहीं, चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button