मन की बात में पीएम ने बताई इतिहास की खास वेबसाइट

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण में ऐसी वेबसाइट का जिक्र किया, जहां साल चुनकर यह जाना जा सकता है कि भारत के अलग-अलग हिस्सों में किसी दौर में किसका शासन था। कार्यक्रम में नशामुक्ति, स्वच्छता, महिला उद्यमिता, पर्यावरण संरक्षण, कृषि नवाचार और छात्राओं की अंतरिक्ष क्षेत्र में भागीदारी जैसे विषय भी चर्चा में रहे।

  • मन की बात: पीएम मोदी ने इतिहास से जुड़ी वेबसाइट का किया उल्लेख।
  • भारतीय इतिहास: वर्ष चुनकर अलग-अलग कालखंड में शासन की जानकारी लेने की सुविधा।
  • महिला सशक्तीकरण: पीएम स्वनिधि और मिशन शक्तिसैट के जरिए महिलाओं व छात्राओं की भागीदारी पर जोर।

PM Modi Highlights History Website in Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में भारतीय इतिहास को समझने में मददगार एक वेबसाइट का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि bharatrajya.com पर किसी वर्ष का चयन कर यह जानकारी हासिल की जा सकती है कि उस समय भारत के किस हिस्से में किसका शासन था।

पीएम मोदी ने कहा कि वेबसाइट को इस तरह तैयार किया गया है कि इसे आम लोग भी आसानी से इस्तेमाल कर सकें। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वेबसाइट के निर्माता कृष्ण शेषाद्रि से फोन पर बातचीत भी की। शेषाद्रि ने कहा कि इतिहास में अक्सर कुछ प्रमुख शासकों तक ही चर्चा सीमित रह जाती है, जबकि भारत का अतीत अनेक स्थानीय नायकों और महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से समृद्ध रहा है।

यह भी पढ़ें : साइकिल पर सवार हुआ फिट इंडिया, मांडविया ने दिया फिटनेस का संदेश

प्रधानमंत्री ने देश को नशामुक्त बनाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्ति युवा, ड्रग्स मुक्त भारत’ के लक्ष्य के साथ चल रहा अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें देशभर के युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

स्वतंत्रता दिवस से जुड़े ‘सूर्यपथ तिरंगा’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि इस पहल के तहत सूर्य की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराने की अनूठी यात्रा शुरू हुई। फिजी में सुबह की पहली किरण के साथ तिरंगा फहराने के बाद एशिया, अफ्रीका और यूरोप होते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक भारतीय मिशनों और पोस्ट पर राष्ट्रीय ध्वज लहराया गया।

महिला उद्यमिता पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इस योजना से बड़ी संख्या में महिला स्ट्रीट वेंडर्स को अपना छोटा कारोबार बढ़ाने और परिवार के लिए बेहतर भविष्य तैयार करने में मदद मिल रही है।

यह भी पढ़ें : मन की बात में महिला सशक्तीकरण और युवाओं पर पीएम का फोकस

स्वच्छता को लेकर पीएम ने कहा कि यह अब केवल सरकारी अभियान नहीं रह गया है, बल्कि जनता की भागीदारी से जनसंकल्प बनता जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के रामपुर में स्थानीय स्तर पर चल रही सफाई गतिविधियों और अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों का उदाहरण दिया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कुछ ऐसी महिलाओं की कहानियां भी साझा कीं, जिन्होंने अपनी स्थानीय परिस्थितियों और संसाधनों को अवसर में बदला। नागालैंड के फेख जिले की वेसालु पुरो ने फूलों के प्रति अपने लगाव को व्यवसाय में बदला। वहीं, ओडिशा के देब्रिगढ़ क्षेत्र में मैथिली भुए की वन उत्पादों से जुड़ी आजीविका की यात्रा पर्यावरण पर्यटन और वन संरक्षण से जुड़ी पहल तक पहुंची।

पीएम मोदी ने देश में एवोकाडो की बढ़ती खेती का भी उल्लेख किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के कडपा के वरदराज और तमिलनाडु के कोडाइकनाल के चंद्रशेखर जैसे किसानों का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह नए कृषि विकल्प किसानों के लिए आय के अवसर तैयार कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button