चेन्नई को 13 हजार करोड़ की सौगात देंगे पीएम मोदी, मेट्रो से बंदरगाह तक कई परियोजनाएं शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को चेन्नई में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें चेन्नई मेट्रो के दूसरे चरण का एक प्रमुख खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे स्टेशन, बंदरगाह और पेट्रोलियम क्षेत्र की योजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही आईआईटी मद्रास के ब्रेन सेंटर का भी लोकार्पण होगा, जिससे वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

  • पीएम मोदी चेन्नई दौरा: रविवार को 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात।
  • चेन्नई मेट्रो और रेलवे: मेट्रो के पूनमल्ली-वडापलानी खंड और पांच पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन होगा।
  • आईआईटी मद्रास ब्रेन सेंटर: मानव मस्तिष्क के अध्ययन और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी नई पहल की शुरुआत होगी।

PM Modi to Launch ₹13,000 Crore Projects in Chennai :  तमिलनाडु में परिवहन, औद्योगिक ढांचे और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को चेन्नई का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इन योजनाओं का संबंध मेट्रो रेल, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे, बंदरगाह, पेट्रोलियम और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है।

दौरे का प्रमुख आकर्षण चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनमल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन होगा। करीब 4,900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस खंड में 3.7 किलोमीटर लंबा डबल डेकर ढांचा भी शामिल है। यहां चालक रहित मेट्रो संचालन के अनुकूल आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली लगाई गई है। इसके शुरू होने से पश्चिमी उपनगरों और चेन्नई के मध्य हिस्सों के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : अलवर पहुंचा निहार शान्ति आंवला का अभियान, महिलाओं को सिखाए मजबूत फैसले लेने के तरीके

प्रधानमंत्री तमिलनाडु में लगभग 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर खंड का 36 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला हिस्सा और मदुरै रिंग रोड का 30 किलोमीटर लंबा चार लेन वाला हिस्सा शामिल है।

इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला रखी जाएगी। इन परियोजनाओं से यातायात का दबाव कम करने, यात्रा समय घटाने और क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

रेलवे क्षेत्र में 750 करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की जाएंगी। इनमें कराईकल-पेरलम रेल लाइन और कोयंबटूर व आसपास के क्षेत्रों में तीन रेल फ्लाईओवर शामिल हैं। पलानी, वेल्लोर कैंटोनमेंट, अंबासमुद्रम, परमकुडी और नमक्कल के पांच पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन होगा। इन सुविधाओं से यात्रियों को बेहतर स्टेशन सुविधाएं मिलने के साथ रेल परिचालन में सुधार की संभावना है।

यह भी पढ़ें : जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले ध्रुव राठी हिरासत में, गुरुग्राम स्थित घर पहुंची पुलिस

चेन्नई बंदरगाह, कामराजर बंदरगाह और वीओ चिदंबरनार बंदरगाह से जुड़ी परियोजनाएं भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल हैं। चेन्नई बंदरगाह पर भंडारण क्षेत्र, चार आयात-निर्यात गोदाम, आधुनिक क्रूज टर्मिनल और नाविक क्लब का उद्घाटन किया जाएगा।

वीओ चिदंबरनार बंदरगाह पर आठ प्रमुख विकास परियोजनाओं के जरिए माल और कंटेनर संभालने की क्षमता बढ़ाने तथा रसद व्यवस्था को बेहतर बनाने का लक्ष्य है। वहीं, कामराजर बंदरगाह पर कोल बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन होगा और कंटेनर टर्मिनल के पहले चरण के दूसरे हिस्से के लिए पूंजीगत ड्रेजिंग कार्य की आधारशिला रखी जाएगी।

इन परियोजनाओं से समुद्री व्यापार, माल ढुलाई और बंदरगाहों की परिचालन क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री चेन्नई पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की मनाली रिफाइनरी में लुब्रिकेंट बेस ऑयल उत्पादन परियोजना की आधारशिला रखेंगे। लगभग 1,620 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की प्रस्तावित उत्पादन क्षमता 2.70 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष होगी।

परियोजना के तहत ग्रुप-2 और ग्रुप-3 श्रेणी के लुब्रिकेंट बेस ऑयल का उत्पादन किया जाएगा। इनका इस्तेमाल उच्च गुणवत्ता वाले स्नेहक बनाने में होता है। घरेलू स्तर पर इस तरह के उत्पादों का उत्पादन बढ़ने से भारत के औद्योगिक क्षेत्र को लाभ मिलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button