किसानों के खातों में पहुंचे ₹19 हजार करोड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात दौरे के पहले दिन किसानों को बड़ी सौगात देते हुए पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत करीब 19 हजार करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। बनासकांठा में उन्होंने आधुनिक पशु अनुसंधान केंद्र राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी और आलू उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने वाली परियोजनाओं को प्रोत्साहन दिया।

  • पीएम किसान सम्मान निधि: किसानों के खातों में करीब ₹19 हजार करोड़ हस्तांतरित।
  • पशु अनुसंधान केंद्र: बनासकांठा में 127 एकड़ में बने आधुनिक केंद्र का उद्घाटन।
  • किसानों को फायदा: बायो-सीएनजी संयंत्रों और आलू प्रसंस्करण परियोजनाओं को बढ़ावा।

PM Modi Transfers ₹19,000 Crore to Farmers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात दौरे के पहले दिन किसानों और पशुपालकों के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दी। बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के रूप में देशभर के किसानों के बैंक खातों में करीब 19 हजार करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

प्रधानमंत्री सुबह डीसा हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से भीलड़ी के लिए रवाना हुए। उनके स्वागत में बड़ी संख्या में लोग जुटे। रोड शो के दौरान लोगों ने नारे लगाकर उनका अभिवादन किया। कार्यक्रम में मोदी ने पशुपालक महिलाओं से बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

यह भी पढ़े : सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत, तौल में नहीं चलेगी मनमानी

127 एकड़ में आधुनिक पशु अनुसंधान केंद्र

प्रधानमंत्री ने भीलड़ी में 127 एकड़ क्षेत्र में विकसित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) राष्ट्र को समर्पित किया। यहां गाय-भैंसों की नस्ल सुधार, आनुवंशिक विकास और आधुनिक प्रजनन तकनीकों पर काम होगा। केंद्र का लक्ष्य नस्ल सुधार की प्रक्रिया को 10 से 20 गुना तक तेज करना है। इसमें कांकरेज नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मोदी ने केंद्र में स्थापित आधुनिक ईटी-आईवीएफ प्रयोगशाला का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों, पशुपालक महिलाओं और स्थानीय युवाओं से संवाद किया।

गोबर से बनेगी ऊर्जा, किसानों को मिलेगा लाभ

बनास डेयरी की ओर से थराद और राधनपुर में स्थापित किए जाने वाले दो बायो-सीएनजी संयंत्रों की आधारशिला रखी गई। इनकी क्षमता प्रतिदिन क्रमशः 75 और 100 मीट्रिक टन गोबर के प्रसंस्करण की होगी। इससे गोबर का इस्तेमाल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में हो सकेगा और पशुपालकों के लिए भी यह आय का उपयोगी साधन बन सकता है।

यह भी पढ़े : लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज में गूंजेगा ‘सफलता का मंत्र’, मालावी में भारत के राजदूत अमराराम गुजर का विशेष संवाद

आलू उत्पादकों को भी राहत की उम्मीद

कार्यक्रम में आलू की खेती और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने वाली परियोजना पर भी जोर दिया गया। इसके तहत प्रमाणित बीज की उपलब्धता से लेकर आलू के प्रसंस्करण तक की व्यवस्था को एकीकृत किया गया है। इससे किसानों को उपज की बेहतर कीमत और खरीद की सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। प्रसंस्करण से निकलने वाले कचरे से बायोगैस बनाई जाएगी, जबकि बचे अवशेष का इस्तेमाल जैविक खाद के रूप में किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे के दौरान 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। उन्होंने दो नई यात्री ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई। किसानों की विशाल खाटला सभा का उल्लेख करते हुए मोदी ने इसे अपने आप में अनूठा आयोजन बताया और इसकी तुलना गिनीज रिकॉर्ड से की। प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button