मन की बात में जनगणना से आतंकवाद तक PM मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में जनगणना में नागरिकों की भागीदारी, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जैसे मुद्दों पर बात की। उन्होंने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को दोहराया और जनगणना को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया।

  • मन की बात: पीएम मोदी ने जनगणना में नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
  • आतंकवाद: सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ का उल्लेख कर जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई।
  • जनगणना: 32 करोड़ से अधिक परिवारों का डेटा दर्ज होने और सेल्फ-एन्यूमरेशन सुविधा की जानकारी दी।

PM Modi’s Mann Ki Baat Highlights : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण में देश से जुड़े कई मुद्दों का जिक्र किया। कार्यक्रम में जनगणना, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, सांस्कृतिक विरासत, स्वच्छता, पर्यावरण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषय प्रमुख रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने जनगणना को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि जनगणना के पहले चरण में 32 करोड़ से अधिक परिवारों का डेटा दर्ज किया जा चुका है। लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के दूरदराज इलाकों में भी प्रक्रिया जारी है।

मोदी ने जनगणना के लिए उपलब्ध स्व-पंजीकरण सुविधा का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक नागरिक मोबाइल के जरिए अपना और परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा हिंदी समेत 16 भाषाओं में उपलब्ध है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक विशेष पहचान संख्या मिलती है। उन्होंने बताया कि अब तक 2.60 करोड़ से अधिक लोग इस माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें : नेपाल-यूएई रिश्तों में बढ़ेगा सहयोग

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने 28-29 सितंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ का उल्लेख किया। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया और कहा कि देश आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बालाकोट हवाई कार्रवाई और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया।

मोदी ने 13 सितंबर 2008 के दिल्ली सिलसिलेवार बम धमाकों और 26/11 मुंबई हमलों को याद करते हुए आतंकवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों का भी उल्लेख किया। उन्होंने अमेरिका में 11 सितंबर 2001 के हमलों की 25वीं वर्षगांठ का जिक्र करते हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में भारतीय नागरिकों की मौत की बात कही।

यह भी पढ़ें : यश का रावण लुक आया सामने

प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सिंघल के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों तथा राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका का उल्लेख किया। मोदी ने यह भी कहा कि सिंघल ने अपने जीवन को समाज और संस्कृति के लिए समर्पित किया था।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ और गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर का भी उल्लेख किया। उन्होंने मोढेरा के ऐतिहासिक महत्व के साथ इसे देश के पहले ‘सूर्य ग्राम’ के रूप में विकसित किए जाने की बात कही। प्रधानमंत्री ने लोगों से मोढेरा जाकर भारतीय विरासत को देखने का आग्रह किया।

Related Articles

Back to top button