राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश, राष्ट्रीय सुरक्षा में विज्ञान की भूमिका अहम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सैन्य ताकत से सुनिश्चित नहीं की जा सकती। इसके लिए वैज्ञानिक संस्थानों और सशस्त्र बलों के बीच बेहतर तालमेल, आधुनिक तकनीक और रणनीतिक सोच जरूरी है। उन्होंने साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आर्थिक मजबूती को भी देश की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण पहलू बताया।
- राष्ट्रीय सुरक्षा: राष्ट्रपति मुर्मु ने सैन्य क्षमता के साथ वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग को जरूरी बताया।
- आधुनिक रक्षा तकनीक: साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और एआई की बढ़ती भूमिका पर दिया जोर।
- आर्थिक मजबूती: राष्ट्रपति ने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था भी राष्ट्रीय सुरक्षा का अहम आधार है।
President Murmu Highlights Science and Technology in National Security : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सैन्य क्षमताओं के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचार पर ध्यान देने की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियां भी जटिल हो रही हैं। ऐसे में देश को नई परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति और तैयारियों में बदलाव करना होगा।
राष्ट्रपति मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (एनडीसी) के 66वें पाठ्यक्रम के संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों से मुलाकात के दौरान संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों और वैज्ञानिक संस्थानों के बीच करीबी समन्वय जरूरी है, ताकि शोध और नवाचार का इस्तेमाल वास्तविक जरूरतों को पूरा करने में किया जा सके।
यह भी पढ़ें : अगले 5 सालों में AI बदलेगा पूरी दुनिया… जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का बड़ा बयान
राष्ट्रपति ने कहा कि आधुनिक युद्ध अब केवल पारंपरिक सैन्य मोर्चों तक सीमित नहीं रह गया है। साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और जैव प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इन परिस्थितियों में समय पर निर्णय लेना और भविष्य की चुनौतियों का अनुमान लगाकर तैयारी करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि रक्षा क्षेत्र में ऐसी किफायती तकनीकों की अहमियत बढ़ रही है, जो आधुनिक और उन्नत रक्षा प्रणालियों की क्षमता को और मजबूत कर सकें। हाल के संघर्षों से भी यह स्पष्ट हुआ है कि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल और तकनीकी नवाचार सुरक्षा तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह भी पढ़ें : भजनलाल के नेतृत्व में कृषि विकास की नई उड़ान : प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना में राजस्थान की सशक्त पहचान
राष्ट्रपति मुर्मु ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में अनुसंधान, विकास एवं नवाचार योजना जैसी सरकारी पहलों के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खोजों को व्यावहारिक समाधानों में बदलने के लिए संस्थानों और सशस्त्र बलों के बीच बेहतर सहयोग आवश्यक है।
इस तरह का समन्वय देश को स्वदेशी तकनीक विकसित करने, रक्षा तैयारियों को मजबूत बनाने और बदलती चुनौतियों के अनुरूप क्षमताएं तैयार करने में मदद कर सकता है।
राष्ट्रपति ने कृत्रिम मेधा (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल पर भी बात की। उन्होंने कहा कि विज्ञान, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक गतिविधियों में एआई की भूमिका लगातार बढ़ रही है। हालांकि, इस तकनीक पर पूरी तरह निर्भर होकर निर्णय लेने की जिम्मेदारी नहीं छोड़ी जा सकती।



