गुलजार सिंह मामले में राहुल की बड़ी मांग, वित्त मंत्री के इस्तीफे पर जोर
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में किसान गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले को गंभीर बताते हुए भगवंत मान सरकार से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का इस्तीफा लेने की मांग की है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच की प्राथमिकी में वित्त मंत्री का नाम शामिल करने की भी मांग की।
- राहुल गांधी ने हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे की मांग उठाई।
- गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग।
- भगवंत मान सरकार से परिवार को जल्द न्याय दिलाने की अपील।
Rahul Gandhi Seeks Probe in Gulzar Singh Case : पंजाब में किसान गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने के साथ वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का तत्काल इस्तीफा लेने की मांग की है।
राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले गुलजार सिंह ने अपने बेटे के नशे की गिरफ्त में आने के बाद पंजाब में ड्रग्स के कारोबार पर रोक लगाने को लेकर सरकार की कथित नाकामी पर वित्त मंत्री से सवाल किया था।
यह भी पढ़ें : जस्टिस पुष्पेंद्र सिंह भाटी बने J&K हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस
कांग्रेस नेता के मुताबिक, सवाल उठाने के बाद गुलजार सिंह पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान गुलजार सिंह को प्रताड़ित और अपमानित भी किया गया। राहुल गांधी ने दावा किया कि इसके बाद गुलजार सिंह ने जहर खा लिया।
राहुल गांधी ने कहा कि गुलजार सिंह को इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल सका और अंततः उनकी मौत हो गई। उन्होंने इस घटना को लेकर पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में 3 दिन थमेगी बारिश, फिर बदलेगा मौसम
अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब में यह कोई अकेला मामला नहीं है। उन्होंने पिछले सप्ताह मोहनजीत सिंह से बातचीत का भी जिक्र किया, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने के चलते कथित तौर पर प्रताड़ित किया गया था।
राहुल गांधी ने कहा कि लोकतांत्रिक सरकार की जिम्मेदारी जनता के सवालों का जवाब देना है, न कि सवाल उठाने वालों को दबाना। उन्होंने गुलजार सिंह के परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने जांच की प्राथमिकी में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम दर्ज किए जाने की मांग भी रखी।



