सतीश पूनियां का पंजाब मिशन आज से शुरू
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और हरियाणा-पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां 31 अगस्त से 2 सितंबर तक पंजाब के संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। अपने पहले पंजाब दौरे में वे चंडीगढ़, जालंधर और अमृतसर में पार्टी की बैठकों में हिस्सा लेंगे। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक तैयारियों पर भी चर्चा करेंगे।
- सतीश पूनियां आज से शुरू करेंगे पंजाब मिशन।
- पंजाब मिशन के तहत चंडीगढ़, जालंधर और अमृतसर में बैठकें।
- सतीश पूनियां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से करेंगे सीधा संवाद।
– सचिन शर्मा –
Satish Poonia Punjab Visit : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और हरियाणा-पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनियां का तीन दिवसीय पंजाब प्रवास सोमवार से शुरू हो रहा है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला पंजाब दौरा है। इस दौरान वह संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

पूनियां 31 अगस्त से 2 सितंबर तक पंजाब में रहेंगे। दौरे की शुरुआत मोहाली-चंडीगढ़ से होगी। इसके बाद वह पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। 31 अगस्त को प्रदेश पदाधिकारी बैठक और कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें : जयपुर में BJP का बड़ा दांव! 150 वार्डों की सूची जारी
पंजाब प्रवास के अगले चरण में 1 सितंबर को पूनियां जालंधर पहुंचेंगे। यहां संभाग और जिला स्तर की संगठनात्मक बैठकों में शामिल होकर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। इसके बाद 2 सितंबर को उनका अमृतसर दौरा होगा, जहां भी संगठनात्मक बैठकों के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पूनियां इस दौरान सिर्फ औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेंगे। वह पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति और उसकी तैयारियों का फीडबैक भी लेंगे।
पूनियां का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब भाजपा पंजाब में संगठन को और मजबूत करने पर जोर दे रही है। केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें पंजाब भाजपा संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में उनके पहले प्रवास को पार्टी की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : करीना-पृथ्वीराज की ‘दायरा’ का ट्रेलर छाया
भाजपा की योजना इस प्रवास के जरिए संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और कार्यकर्ताओं में नए उत्साह के साथ राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की है। पूनियां बैठकों के जरिए पार्टी के विजय संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश भी देंगे।
पंजाब पहुंचने से पहले पूनियां गुजरात में प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद वह पंजाब के दौरे पर रवाना होंगे। भाजपा के लिए उनका यह तीन दिवसीय प्रवास संगठनात्मक स्तर पर आगामी तैयारियों की दिशा तय करने वाला अहम दौरा माना जा रहा है।



