26 हजार महिला समूहों को 3,000 करोड़ की मदद, CM विजय ने बांटे ऋण पत्र

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने ईरोड जिले में आयोजित कार्यक्रम में 26 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों को 3,000 करोड़ रुपये की बैंक ऋण सहायता प्रदान की। इस पहल से महिलाओं को नए कारोबार शुरू करने और मौजूदा व्यवसाय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला उद्यमियों की प्रदर्शनी देखी और उनके उत्पाद खरीदकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।

  • तमिलनाडु में 26 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों को 3,000 करोड़ रुपये का ऋण।
  • मुख्यमंत्री विजय ने ईरोड में लाभार्थियों को सौंपे स्वीकृति पत्र।
  • प्रत्येक समूह को औसतन 11.5 लाख रुपये तक की ऋण सहायता मिलने का अनुमान।

Tamil Nadu CM Vijay Announces ₹3,000 Crore Loan Support for 26,000 Women SHGs : महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तमिलनाडु सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री विजय ने मंगलवार को ईरोड जिले के पेरुंदुरई में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में 26 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी उद्यमियों के लिए 3,000 करोड़ रुपये की बैंक ऋण सहायता उपलब्ध कराई। इस राशि से महिलाएं अपना कारोबार शुरू करने के साथ पहले से चल रहे व्यवसाय को भी आगे बढ़ा सकेंगी।

सरकारी कार्यक्रम पेरुंदुरई-कांजीकोविल रोड स्थित श्री लक्ष्मी नारायण महल में आयोजित हुआ। योजना के तहत प्रत्येक स्वयं सहायता समूह को औसतन करीब 11.5 लाख रुपये का ऋण मिलने का अनुमान है। इससे छोटे और मध्यम स्तर के उद्योगों, घरेलू कारोबार तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े : सीएम भजनलाल शर्मा ने आपातकाल और भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस और गहलोत पर साधा निशाना

कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ओर से लगाई गई उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने अलग-अलग स्टॉल पर जाकर महिलाओं के बनाए उत्पादों की जानकारी ली और उनकी मेहनत की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कुछ उत्पादों की खरीदारी भी की।

प्रदर्शनी के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला, जब विजय अपनी तस्वीर छपी हथकरघा की बेडशीट देखकर रुक गए। उन्होंने इसे भी खरीद लिया। इस दौरान महिला उद्यमियों ने मुख्यमंत्री के साथ बातचीत की, तस्वीरें खिंचवाईं और ऑटोग्राफ लिए। महिलाओं के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने हाथों से दिल का इशारा भी किया, जिससे वहां मौजूद समूह की सदस्य काफी उत्साहित नजर आईं।

तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री विजय राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले 16 अक्टूबर को उन्होंने कोयंबटूर में पेरियार अरिवुलगम का उद्घाटन किया था। वहीं, 2 नवंबर को पुदुकोट्टई में 23.25 करोड़ रुपये की लागत से बने नए बस स्टैंड का लोकार्पण किया था।

यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 108 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान

ईरोड पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने विजयमंगलम सिपकॉट क्षेत्र से रोड शो भी किया। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग और टीवीके कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। लोगों में मुख्यमंत्री के साथ तस्वीरें लेने और अभिवादन करने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

समारोह में मुख्यमंत्री विजय को एमजीआर की ओर से राजदंड दिए जाने की आकृति वाला स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। इस मौके पर मंत्री एन. आनंद, सेंगोट्टैयन, अरुणराज और विजय बालाजी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button