तमिलनाडु में पोंगल से फ्री LPG सिलेंडर
तमिलनाडु सरकार 2027 के पोंगल से पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने की योजना लागू करेगी। मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में इसकी घोषणा की। ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ के तहत चलने वाली इस योजना से करीब 1.38 करोड़ परिवारों को फायदा मिलेगा और सरकार हर साल लगभग 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
- फ्री LPG सिलेंडर: 2027 के पोंगल से पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेंगे।
- 1.38 करोड़ परिवार: योजना से 1 करोड़ 38 लाख से अधिक परिवारों को लाभ मिलने का दावा है।
- अन्नपूर्णी सुपर 6: योजना के लिए सरकार सालाना करीब 4,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
Tamil Nadu to Provide Three Free LPG Cylinders from Pongal 2027 : तमिलनाडु में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई गैस के बढ़ते खर्च से राहत देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को विधानसभा में घोषणा की कि 2027 के पोंगल पर्व से पात्र परिवारों को हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।
सरकार इस योजना को ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ के तहत लागू करेगी। इसके लिए हर साल करीब 4,000 करोड़ रुपये का बजट रखा जाएगा। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, योजना का लाभ राज्य के 1 करोड़ 38 लाख 16 हजार 104 परिवारों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें : यूक्रेन-नॉर्वे की बड़ी डील, रक्षा साझेदारी मजबूत
योजना का फायदा उन परिवारों को मिलेगा, जिनकी सालाना आय 2.5 लाख रुपये तक है। इसके अलावा छोटे और सीमांत किसान परिवार तथा दिव्यांग व्यक्तियों के परिवार भी इसके दायरे में रखे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लाभ लेने के लिए पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभार्थी को गैस सिलेंडर बुक कराना और उसे प्राप्त करना होगा। इसके बाद तेल कंपनियों से लाभार्थियों की जानकारी लेकर संबंधित सिलेंडर की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने नियम 110 के तहत यह घोषणा की। सदन की कार्यवाही दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार सुबह 9.30 बजे दोबारा शुरू हुई थी।
यह भी पढ़ें : न्यूजीलैंड में बच्चों के सोशल मीडिया पर लग सकती है रोक
सरकार का कहना है कि इस पहल से कम आय वाले परिवारों के घरेलू बजट पर रसोई गैस की कीमतों का दबाव घटेगा। योजना को लागू करने के लिए जरूरी प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू की जा रही हैं।
गौरतलब है कि पात्र परिवारों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देना तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों में शामिल रहा है। विधानसभा में घोषणा के बाद इस योजना को लेकर पार्टी समर्थकों और संभावित लाभार्थियों में उत्साह देखा गया।



