UPI के 10 साल पूरे, PM मोदी समेत नेताओं ने दी बधाई

भारत की डिजिटल भुगतान व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाने वाले यूपीआई ने अपने संचालन के दस साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने इसकी उपलब्धियों को याद करते हुए बधाई दी। नेताओं ने यूपीआई को डिजिटल इंडिया की सफलता और आम लोगों की सुविधा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।

  • UPI के 10 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को बधाई दी।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से यूपीआई से जुड़े अपने अनुभव साझा करने की अपील की।
  • डिजिटल पेमेंट में यूपीआई को नेताओं ने भारत की बड़ी उपलब्धि बताया।

UPI Completes 10 Years :  भारत में डिजिटल भुगतान को नई दिशा देने वाले यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI के संचालन के दस साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई नेताओं ने यूपीआई की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि एक दशक पहले शुरू हुआ यूपीआई भारत के डिजिटल भुगतान सफर में महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आया। उन्होंने इसकी व्यापक पहुंच को रेखांकित करते हुए कहा कि हर भारतीय को इसकी उपलब्धि पर गर्व होना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपने यूपीआई अनुभव साझा करने की अपील भी की। उन्होंने लोगों से यह बताने को कहा कि डिजिटल भुगतान की इस व्यवस्था ने उनके दैनिक जीवन में किस तरह बदलाव किया है।

यह भी पढ़ें : कृति के विज्ञापन पर कंगना की नाराजगी

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी यूपीआई के दस साल पूरे होने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यूपीआई का सफर परिवर्तनकारी बदलाव का दशक रहा है।

उन्होंने यूपीआई को ऐसी व्यवस्था बताया, जिसने आम लोगों के लिए लेन-देन को तेज, आसान, सुरक्षित और सुलभ बनाया। राजनाथ सिंह ने इसे डिजिटल इंडिया की ताकत और तकनीक के जरिए सशक्तिकरण व समावेश का उदाहरण बताया।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में बारिश का जोर, जयपुर भी तरबतर

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यूपीआई को प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया विजन का परिणाम बताया। उनके मुताबिक, यूपीआई ने देश में डिजिटल भुगतान को आसान और तेज बनाने के साथ भारत की तकनीकी क्षमता को दुनिया के सामने रखने में भी भूमिका निभाई है।

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी यूपीआई की उपलब्धि को डिजिटल इंडिया क्रांति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यूपीआई डिजिटल भुगतान को सरल, तेज और निर्बाध बनाने वाली व्यवस्था के रूप में स्थापित हुआ है।

Related Articles

Back to top button