राहुल गांधी से मिले नवजोत सिंह सिद्धू, क्या होगा पंजाब में बदलाव

नई दिल्ली। दिग्गज कांग्रेसी नेता ओर विधायक नवजोत सिंह सिद्धू अपनी नाराजगी की चर्चाओं के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मिले। उनके बीच तकरीबन एक घंटे से ज्यादा मुलाकात चली। इससे पहले बुधवार को सुबह ही नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की थी। प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। काफी समय से राज्य के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच मन मुटाव की खबरें सामने आ रही हैं।

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में पार्टी डेमेज कंट्रोल में जुटी है। पार्टी नहीं चाहती कि आपसी फूट का नुकसान पार्टी को चुनाव में उठाना पड़े। खुद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पंजाब की कलह को थामने के लिए मल्लिकार्जुन खडग़े की लीडरशिप में तीन नेताओं का एक पैनल बनाया था।

इस पैनल ने सिद्धू को राज्य के डिप्टी सीएम बनने का ऑफर दिया था। हालांकि कहा जा रहा था कि खुद सिद्धू ने इससे इनकार किया था और कहा था कि वह प्रदेश के अध्यक्ष बनना चाहते हैं।