
पिछले 5 हफ्तों में ब्रिटेन में नए वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां लोग नोरो वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड के मुताबिक, अब तक इसके 154 केस मिले हैं। ब्रिटिश स्वास्थ्य विभाग तेजी से बढ़ रहे नोरो वायरस के केसों को लेकर चिंता जाहिर कर रहा है।
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने बताया कि नोरो वायरस की वजह से लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होती है। पीएचई ने इसे विंटर वोमिटिंग बग कहा है। सीडीसी ने कहा कि नोवा वायरस से संक्रमित व्यक्ति बहुत सारे पार्टिकल्स फैलाता है, लेकिन इनमें से कुछ ही दूसरे व्यक्ति को संक्रमित कर सकता है।

कोविड महामारी से पहले से ही परेशान चल रहे इंग्लैंड के लिए नोरो वायरस नई चुनौती बनता जा रहा है। सीडीसी ने बताया कि किसी संक्रमित व्यक्ति से सीधे संपर्क में आने वाला व्यक्ति भी नोरो वायरस से संक्रमित हो सकता है।
दूषित खाने और पानी के अलावा दूषित सतह छूने से भी ये फैलता है। अगर आपने किसी ऐसी सतह को छुआ है, जो दूषित है और बिना हाथ धुले खाना खा लिया है तो आप नोरो वायरस के शिकार हो सकते हैं। आमतौर पर जिस तरह से वायरस फैलता है, नोरो वायरस के फैलने के भी वही तरीके हैं।
यह भी पढ़ें-पाकिस्तान में बस और ट्रक की टक्कर में 30 यात्रियों की मौत, 40 से ज्यादा घायल