न्यूजीलैंड पीएम ने अपनी कैबिनेट में 5 नए चेहरे शामिल किए, प्रियंका राधाकृष्णन भारतीय मूल की पहली मंत्री बनीं

वेलिंग्टन। दूसरी बार न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री बनने वाली जेसिंडा आर्डर्न ने सोमवार को अपनी कैबिनेट में 5 नए चेहरे शामिल किए हैं। जेसिंडा ने भारत में जन्मीं प्रियंका राधाकृष्णन (41) को भी अपनी कैबिनेट में शामिल किया है। जेसिंडा ने कहा कि मैं कुछ नया टैलेंट कैबिनेट में शामिल करते हुए उत्साहित हूं। ये उस न्यूजीलैंड की तस्वीर पेश करेंगे, जिसने हमें 17 अक्टूबर को चुना।

जेसिंडा की लेबर पार्टी ने दो हफ्ते पहले चुनावों में जीत दर्ज की थी। न्यूजीलैंड के इतिहास में पहली बार किसी पार्टी को इतनी बड़ी जीत मिली है। उनकी पार्टी को 49.1 फीसदी वोट मिले हैं और 120 सीटों में से 64 पर जीत हासिल की है।

प्रियंका ने घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं की आवाज उठाई

न्यूजीलैंड सरकार में शामिल किए जाने पर प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा- आज का दिन खास है। मुझे बधाई देने वालों का शुक्रिया। मैं अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर उम्मीदों से भरी हुई हूं। प्रियंका न्यूजीलैंड आने से पहले सिंगापुर के स्कूल में पढ़ीं। वो मूल रूप से केरल की निवासी हैं।

प्रियंका घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं और प्रवासी मजदूरों के लिए आवाज उठाती रही हैं। लेबर पार्टी की ओर से वो पहली बार 2017 में सांसद बनीं और उन्हें 2019 में मिनिस्ट्री ऑफ एथनिक कम्युनिटीज का पार्लियामेंट्री प्राइवेट सेक्रेटरी बनाया गया था।

इसी प्रोफाइल पर उन्होंने जो काम किया, उसके आधार पर ही उन्हें डाइवर्सिटी, इन्क्लूजन एंड एथनिक कम्युनिटीज डिपार्टमेंट का मिनिस्टर बनाया गया है। प्रियंका अभी अपने पति के साथ ऑकलैंड में रहती हैं।