2021 से पर्यटक ऋषिकेश से लंदन की बस से भी कर सकते हैं यात्रा

उत्तराखंड के पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। खबरों की मानें तो जून 2021 से पर्यटक ऋषिकेश से लंदन की यात्रा बस से भी कर सकते हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि रेसलर लाभांशु शर्मा के इंस्ट्राग्राम पोस्ट से से होती है, जिसमें उन्होंने बताया है कि जून 2021 से पर्यटक ऋषिकेश से लंदन की यात्रा बस से कर सकते हैं।

इससे पहले bustolondon.in ने दिल्ली से लंदन बस चलाने की घोषणा की थी। इसके लिए लगभग पूरी तैयारी कर ली गई है। अब लाभांशु शर्मा यह सेवा शुरू करने जा रहे हैं। ऐसे में अगर आप घूमने के शौकीन हैं और बस से लंदन जाना चाहते हैं, तो आप इस सेवा का आनंद ले सकते हैं। आइए इस बस सेवा के बारे में विस्तार से जानते हैं-

लाभांशु शर्मा रेसलर रह चुके हैं

इस बात की जानकारी स्वंय लाभांशु शर्मा ने दी है कि यह बस सेवा जून 2021 से शुरू होगी। लाभांशु शर्मा रेसलर रह चुके हैं और लोग उन्हें पहलवान जी के नाम से जानते हैं। लाभांशु विश्व शांति कार्यकर्ता भी हैं और एशियाई खेल में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। जबकि इंडो-नेपाल कुश्ती में भी दो बार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

इस सेवा का नाम इनक्रेडिबल बस राइड रखा गया है

बस ऋषिकेश से 21 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर लंदन पहुंचेगी। एक ट्रिप में केवल 20 पर्यटक ही दिल्ली से लंदन की यात्रा कर सकेंगे। इस सेवा का नाम इनक्रेडिबल बस राइड रखा गया है। जबकि बस सेवा का मुख्य उद्देश्य भारतीय सभ्यता और संस्कृति को विदेशों में फैलाना है। इससे पहले लाभांशु शर्मा ने 32 देशों की यात्रा सड़क मार्ग से की है।

जबकि भाई विशाल के साथ एक बार भारत से इंग्लैंड की भी यात्रा कर चुके हैं। बस यात्रा 11 सप्ताह में पूरी होगी। एक पर्यटक का किराया 14 लाख भारतीय रुपये निर्धारित किया गया है। इस किराये में बस सेवा, लंदन से रिटर्निंग फ्लाइट टिकट, वीजा शुल्क, दिन में दो बार खाना और यात्रा में घूमना-फिरना शामिल है।