पाकिस्तान ने नौशेरा के लाम इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशेरा के लाम इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम उल्लंघन में एक सेना का जवान शहीद हो गया। जबकि एक अन्य घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार और शनिवार की रात में भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाकर युद्ध विराम का उल्लंघन किया।

गोलीबारी में हवलदार रैंक का सेना का जवान घायल हो गया था, जिसने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने आगे कहा कि गोलीबारी में घायल एक अन्य सैनिक को इलाज के लिए सेना के अस्पताल में भर्ती किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी और गोलाबारी हो रही है।

पाकिस्तान ने आईबी पर रातभर की गोलाबारी

इससे पहले वीरवार को भी हीरानगर में पाकिस्तानी सैनिकों ने रात दस बजे से करोल पंगा, भीके चक, चक सामां पोस्ट से गोलाबारी शुरू की, जो सुबह पांच बजे तक जारी रही। पाकिस्तानी सैनिकों ने बीएसएफ की करोल कृष्णा, मनियारी, सतपाल पोस्ट व उसके साथ लगते रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने का प्रयास किया।

इसका बीएसएफ के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि पाकिस्तान सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के कार्य को रोकने के लिए गोलाबारी कर रहा है। साथ ही आतंकियों की घुसपैठ कराने की ताक में भी है।