ढहाया जाएगा पेपर लीक के मास्टरमाइंड का करोड़ों का घर

पेपर लीक कांड
पेपर लीक कांड

आज शाम 5 बजे तक मकान खाली करने के निर्देश, चल सकता है बुलडोजर

सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक के मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण के जयपुर स्थित आलीशान मकान पर शुक्रवार को बुलडोजर चल सकता है। दो दिन पहले जेडीए ने उसके घर पर नोटिस लगाया था। उस नोटिस का बुधवार तक कोई जवाब पेश नहीं किया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह जेडीए ने लीगल नोटिस जारी कर दिया और आज शाम 5 बजे तक मकान खाली करने का निर्देश दिया है।

पेपर लीक कांड
पेपर लीक कांड

नोटिस में अवैध निर्माण को हटाने के लिए कहा है। अगर शाम तक अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं की जाती तो 13 जनवरी को जेडीए अपने स्तर पर बुलडोजर चलाकर मकान का अवैध हिस्सा ध्वस्त करेगा। वहीं, इस कार्रवाई को रोकने के लिए मकान मालिक की तरफ से जेडीए ट्रिब्यूनल कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर आज सुनवाई हो सकती है।

जेडीए के मुख्य प्रवर्तन नियंत्रक रघुवीर सैनी ने बताया- 10 जनवरी को हमारी टीम ने भूपेंद्र सारण और गोपाल सारण के अजमेर रोड, रजनी विहार स्थित मकान के संबंध में नोटिस जारी किया था। जांच में सामने आया था कि करीब 28 बाई 46 फीट के प्लॉट पर जीरो सेटबैक बना है। जेडीए की ओर से जारी इस प्लॉट के साइट प्लान में कम से कम 15 फीट में फ्रंट और 8.3 फीट में बैक स्पेस छोडऩा जरूरी है। फिलहाल यह नहीं छोड़ा गया है। बताया जा रहा है कि मकान की कीमत करोड़ों में है।

दो मंजिल ज्यादा बनाई

मकान के आगे 4 फीट का रैंप और अन्य निर्माण करके सरकारी जमीन पर भी कब्जा कर रखा है। इसके अलावा भवन मालिक को साइट प्लान के मुताबिक 8 मीटर हाइट तक निर्माण करने की अनुमति है। मकान मालिक ने 8 मीटर से ज्यादा निर्माण करते हुए बिना अनुमति 2 मंजिल ज्यादा बना ली।

सुरेश ढाका के घर नहीं मिला कोई अवैध निर्माण

इधर, जेडीए की एक दूसरी टीम पेपर लीक मामले के दूसरे मास्टरमाइंड सुरेश ढाका के यहां भी 10 जनवरी को पहुंची थी। ढाका ने चित्रकूट की नेमीसागर कॉलोनी में एक लग्जरी फ्लैट ले रखा है। आशापूर्ण एम्पायर में लिया गया ये फ्लैट ढाका ने अपने पिता मांगीलाल के नाम से खरीद रखा है। जेडीए की टीम ने इस फ्लैट के निर्माण की जांच-पड़ताल की। यहां अवैध निर्माण जैसा कुछ नहीं मिला।

कौन है भूपेंद्र सारण?

भूपेंद्र सारण साल 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट प्रकरण और वर्ष 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। वह जेल भी जा चुका है। पुलिस जयपुर से भूपेंद्र सारण की गर्लफ्रेंड और पत्नी को गिरफ्तार कर चुकी है।

कौन है सुरेश ढाका?

सुरेश ढाका सांचौर से 20 किलोमीटर दूर स्थित अचलपुर गांव का रहने वाला है। इसके पिता मांगीलाल अभी सरपंच हैं। पहले जेल भी जा चुका है। पहली बार मनी लॉड्रिंग और दूसरी बार पेपर लीक में जेल गया था। जयपुर में गुर्जर की थड़ी पर कोचिंग चलाता है। चौंकाने वाली बात ये है कि सुरेश ढाका कई मंत्रियों के ट्?विटर हैंडल और फेसबुक पेज हैंडल करता है। इसके अलावा उसके खुद के भी सभी सोशल मीडिया अकाउंट वेरिफाइड है। अभी फरार है। सुरेश ढाका ने ही अपने साले सुरेश बिश्नोई और भूपेंद्र को जयपुर से पेपर उपलब्ध करवाया था।

यह भी पढ़ें : विटामिन-सी का खजाना है सर्दियों का ये फल