संसद का सत्र शुरू, पीएम मोदी ने ली लोकसभा सदस्य की शपथ

लोकसभा में शपथ लेते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
लोकसभा में शपथ लेते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

धर्मेंद्र प्रधान का नाम लेते ही लोकसभा में हंगामा

नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू हो गया है। सबसे पहले सदन में राष्ट्रगान हुआ, उसके बाद पिछले सदन के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद पीएम मोदी ने लोकसभा सदस्य की शपथ ली। इससे पहले भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब को सोमवार सुबह 10 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोटेम स्पीकर की शपथ दिलाई। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू राष्ट्रपति भवन में मौजूद थे।

लोकसभा में मोदी के बाद उनकी कैबिनेट के लोकसभा सांसदों ने शपथ ली। जब प्रोटेम स्पीकर ने शिक्षा मंत्री का नाम शपथ के लिए पुकारा तो सदन में हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष ने नीट-नीट, शेम-शेम बोलना शुरू कर दिया। विपक्ष नीट पेपर में हुई धांधली को लेकर प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

जनता ने हमारी नीयत व नीति पर मुहर लगाई: प्रधानमंत्री मोदी

लोकसभा का पहला सत्र शुरू होने से पहले सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने हमारी नीयत और नीति पर मुहर लगाई। हम सभी को साथ लेना चाहते हैं। संसदीय लोकतंत्र में यह गौरवशाली दिन है। आजादी के बाद पहली बार हमारे अपने नए संसद भवन में शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है।

देश चलाने के लिए आम सहमति सबसे महत्वपूर्ण

उन्होंने कहा कि आज 18वीं लोकसभा शुरू हो रही है। दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव भव्य और शानदार तरीके से हुआ। यह इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि आजादी के बाद दूसरी बार देश की जनता ने लगातार तीसरी बार एक सरकार को सेवा करने का मौका दिया है। पिछले 10 सालों में हमेशा एक परंपरा लागू करने की कोशिश की है क्योंकि हमारा मानना है कि सरकार चलाने के लिए बहुमत की जरूरत होती है लेकिन देश चलाने के लिए आम सहमति सबसे महत्वपूर्ण है। हम सबको साथ लेकर आगे बढ़ना चाहते हैं और फैसलों को गति देना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें:एनटीए में सुधार के लिए सात सदस्यीय कमेटी गठित

Advertisement