राजस्थान की जनता ने पार्टी की नीतियों में किया विश्वास : गहलोत

जयपुर। प्रदेश के 12 जिलों के 50 निकायों में अध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस की बढ़त पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुशी जाहिर की है। सीएम गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि जनता ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों, जनकल्याण के कार्यक्रमों में विश्वास व्यक्त किया है। 50 में से 36 निकायों में कांग्रेस अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत को लेकर कहा कि 50 नगर निकायों के जो नतीजे आए हैं, उससे यह साफ हो गया है कि जनता ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं कार्यक्रमों पर विश्वास व्यक्त किया है।

50 नगर निकायों में से 36 निकायों में कांग्रेस अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही। 12 निकायों में ही भाजपा अपना अध्यक्ष चुन पाई। 2 निकायों में भाजपा-कांग्रेस को छोड़ निर्दलीय अध्यक्ष बनने में कामयाब रहे।

उन्होंने इस जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं को बधाई दी। गहलोत ने लिखा कि मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी की नीतियों, जनकल्याण के कार्यक्रमों में जनता ने विश्वास व्यक्त किया है। इन चुनावों में भाजपा 50 में से 12 बोर्डों तक ही सिमट गई। जनता का समर्थन, आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है। 50 में से 36 निकायों में कांग्रेस पार्टी और दो में निर्दलीय का बोर्ड बनना बेहद सुखद है। इन निकायों में अध्यक्ष पद पर चुने गए सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। सभी के सहयोग से हम प्रदेश में सुशासन और विकास को गति प्रदान करते रहेंगे।