पीएम मोदी ने अलीगढ़ में राजा महेन्द्र प्रताप यूनिवसिर्टी का शिलान्यास किया, कल्याण सिंह का किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। इस दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आपको बता दें कि राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी 92 एकड़ में बनेगी। उन्होंने कहा कि आज अलीगढ़ के लिए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा दिन है। आज राधाष्टमी है, जो आज के दिन को और भी पुनीत बनाता है। बृज भूमि के कण-कण में राधा ही राधा हैं। मैं पूरे देश को राधाष्टमी की हार्दिक बधाई देता हूं।

इसी बीच पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनकी कमी महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि आज कल्याण सिंह जी हमारे साथ होते तो राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस सेक्टर में बन रही अलीगढ़ की नई पहचान को देखकर बहुत खुश हुए होते।

पीएम मोदी ने कहा कि आज जब देश अपनी आजादी के 75 वर्ष का पर्व मना रहा है, आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, तो इन कोशिशों को और गति दी गई है। भारत की आजादी में राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के योगदान को नमन करने का ये प्रयास ऐसा ही एक पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि आज देश के हर उस युवा हो जो बड़े सपने देख रहा है, जो बड़े लक्ष्य पाना चाहता है, उसे राजा महेन्द्र प्रताप सिंह जी के बार में अवश्य जानना चाहिए, अवश्य पढऩा चाहिए।

यह भी पढ़ें-अमेरिका में 24 सितम्बर को क्वाड की पहली इन-पर्सन समिट, अमेरिका-भारत-जापान और ऑस्ट्रेलिया पीएम शामिल होंगे