डकैत केशव गुजर्र को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस सर्च अभियान शुरू

धौलपुर। डकैत केशव गुर्जर और उसकी गैंग को गिरफ्तार करने के लिए डांग क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही सर्च अभियान शुरू हो गया। पुलिस लगातार सोने का गुर्जा सहित जंगल में धरपकड़ अभियान चला रही है। इसके साथ डकैतों की मदद करने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ऑपरेशन की कमान खुद एसबी केसर सिंह ने संभाल रखी है। पुलिस की 7 टीमें बीहड़ों में डकैत की तलाश कर रही है।

अभियान के दौरान डकैतों को शरण और मदद करने वालों के यहां भी पुलिस दबिश दे रही है। पूरे मामले में अब तक एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि पुलिस को रविवार शाम डकैत के बार में जानकारी मिली थी। इसके बाद देर रात सर्च अभियान चलाया गया। जिसके तहत जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की गई थी।

इस दौरान डकैत केशव गुर्जर अपने साथियों के साथ एक ही जगह मिल गया। पुलिस और केशव गुर्जर की गैंग के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें सदर थाने में तैनात कांस्टेबल अवधेश शर्मा को गोली लगी है। इसके बाद अवधेश को सीरियस हालत में आगरा रेफर कर दिया गया है। जिसे अब जयपुर लाया गया है। वहीं, डकैत रात के अंधेरे में फरार हो गया।

डकैत केशव गुर्जर लंबे समय से पुलिस की रडार पर था। उस पर एमपी, यूपी और राजस्थान में इनाम घोषित है। तीनों राज्यों में केशव पर हत्या, लूट अपहरण जैसे 18 मामले दर्ज हैं।

एक छप्पर के नीचे साथियों के साथ बैठा था डकैत

रविवार को पुलिस जब सोने के गुर्जा जंगलों में पहुंची तो केशव एक छप्पर के नीचे डेरा डाले हुए था। उसने अपनी सुरक्षा में अन्य डकैत तैनात कर रखे थे। जैसे ही पुलिस की टीम पास पहुंची। उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बीच कुछ डकैत मौके से फरार हो गए। मौके से पुलिस को कुछ डायरियां मिली है। जिसमें हिसाब किताब लिखा है। साथ ही कई नाम और नंबर भी लिखे हैं।

यह भी पढ़ें-कोरोना के विरूद्ध जन आंदोलन