पूजा गौर ने ब्वॉयफ्रेंड राज सिंंह अरोड़ा से 10 साल बाद तोड़ा रिलेशनशिप

‘मन की आवाज : प्रतिज्ञा’, ‘कितनी मोहब्बत है’ और ‘एक नई उम्मीद : रोशनी’ जैसे सीरियल्स में नजर आईं पूजा गौर 10 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद ब्वॉयफ्रेंड राज सिंह अरोड़ा से अलग हो गई हैं। अपने ब्रेकअप की खबर पूजा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। इसमें उन्होंने लिखा है कि उनके लिए यह फैसला बहुत मुश्किल था और वे इसके बारे में कुछ भी कहने से पहले कुछ वक्त चाहती थीं।

पूजा ने पोस्ट में लिखा है- 2020 एक ऐसा साल है, जिसमें कई बदलाव हुए। अच्छे भी और बुरे भी। पिछले कुछ महीनों में राज के साथ मेरे रिश्ते को लेकर कई तरह के कयास लगाए गए। कठिन फैसले लेने में वक्त लगता है। मैं इस बारे में बोलने से पहले कुछ समय चाहती थी।

राज और मैंने अलग होने का फैसला कर लिया है। भले ही जिंदगी में हमारे रास्ते अलग हो गए हों, लेकिन हमारे अंदर एक-दूसरे के प्रति प्यार और सम्मान जीवनभर के लिए है। मैं हमेशा उनके भले के बारे में ही सोचूंगी। क्योंकि उनका मेरी जिंदगी में महत्वपूर्ण प्रभाव रहा है। मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी। हम हमेशा दोस्त रहेंगे और यह कभी नहीं बदलेगा।

इस बारे में बात करने के लिए काफी समय और साहस जुटाना पड़ा है। फिलहाल मैं बस यही कहना चाहती हूं। इस वक्त हमारी प्राइवेसी को समझने और उसका सम्मान करने के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया।